मध्यप्रदेश में आएं और उद्योग लगाएं: सीएम शिवराज सिंह

भोपाल (एजेंसी/वार्ता): मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में उद्योग लगाने के लिए निवेशकों को सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मध्यप्रदेश की उदार औद्योगिक नीति के कारण निवेशक बड़ी संख्या में राज्य में निवेश कर रहे हैं।

चौहान आज उज्जैन से लौटने के पश्चात देर रात वीडियो कांफ्रेंस द्वारा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के संबंध में यू के सहित अन्य देशों के उद्योगपतियों एवं बिजनेस कमेटी से संवाद कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इन्वेस्टर्स को इंदौर में 11 और 12 जनवरी 2023 को हो रही ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हिस्सेदारी के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन ने निवेश संवर्धन पर मंत्रि परिषद समिति बनाई है जो औद्योगिक निवेश के प्रस्तावों को जरूरी रियायतें देकर हरी झंडी प्रदान करती है। चौहान ने इस अवसर पर मध्यप्रदेश की अनुकूलताओं का विस्तार से उल्लेख किया।

उन्होंने अन्य देशों के निवेशकों को पेन ड्राइव भेज कर भी मध्यप्रदेश की विशेषताओं और निवेश संभावनाओं की जानकारी दी है। आज हुए संवाद से 200 से अधिक प्रतिभागी जुड़े। चौहान ने कहा कि फ्रेंड्स ऑफ एमपी से हजारों लोग जुड़ गए हैं। यूके और यूएसए सहित कई देशों में मध्यप्रदेश के हितेषी मित्र सक्रिय हैं। राज्य के विकास में इनका पूरा सहयोग लिया जाएगा।

आज हुए वर्चुअल संवाद में यूके में भारतीय हाई कमिश्नर श्री विक्रम के दोराईस्वामी, फिक्की के प्रतिनिधि, लंदन चैम्बर ऑफ एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधि, यूरोप इंडिया चैम्बर आफ कामर्स, फ्रेंडस ऑफ एमपी, यूके इंडिया बिजनेस कॉउंसिल,यूके में भारतीय मिशन, मैनचेस्टर इंडिया पार्टनर शिप के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री से डॉ अनिल त्रिपाठी, गौरव जैन, रोहित दीक्षित, अमित लाट, शैला हसन, सुदीप साकल्ले, परम शाह ने संवाद किया। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने आभार व्यक्त किया। प्रारंभ में प्रमुख सचिव उद्योग मनीष सिंह ने मध्यप्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर प्रजेंटेशन दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी और एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक मनीष सिंह उपस्थित थे।

-एजेंसी/वार्ता

यह भी पढ़े: गुढ़ा ने भूंगरा गैस सिलेंडर दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की

Leave a Reply