जियो का शेयर ₹1,358 पर लिस्ट होते ही रिलायंस समूह ने टाटा समूह को पीछे छोड़कर पहला स्थान हासिल कर लिया। जियो की लिस्टिंग के बाद रिलायंस समूह की सूचीबद्ध कंपनियों का संयुक्त मार्केट कैप ₹28.9 लाख करोड़ पहुंच गया। टाटा समूह ₹25.6 लाख करोड़ के साथ दूसरे और अदाणी समूह ₹16.6 लाख करोड़ के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
जियो की इस एंट्री ने रिलायंस समूह की मार्केट वैल्यू में बड़ा इजाफा किया। ₹1,119 के इश्यू प्राइस के मुकाबले जियो का शेयर ₹1,358 पर लिस्ट हुआ, यानी 21.4 फीसदी प्रीमियम पर। इस भाव पर जियो का मार्केट कैप ₹12.5 लाख करोड़ पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स की संयुक्त मार्केट वैल्यू ही ₹28.7 लाख करोड़ हो गई। जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरहोल्डर्स की संख्या भी देश में सबसे ज्यादा है। कंपनी के कुल 79.8 लाख शेयरहोल्डर्स हैं।
मुंबई स्थित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में जियो की लिस्टिंग के अवसर पर पारंपरिक बेल-रिंगिंग सेरेमनी आयोजित की गई। समारोह में रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी, नीता अंबानी, आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी शामिल हुए। लिस्टिंग से पहले आकाश, ईशा और अनंत अंबानी ने कार्यक्रम को संबोधित किया। जियो प्लेटफॉर्म्स के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने कहा, “आज की लिस्टिंग मंजिल नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत है। हम खुलकर संवाद करेंगे, अपने वादे निभाएंगे और अपने काम से आपका भरोसा जीतेंगे।”
इस लिस्टिंग की एक और खास बात यह रही कि मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स देश की क्रमशः पहली और दूसरी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनियां बन गईं। अकेले इन दो कंपनियों की संयुक्त मार्केट वैल्यू ही टाटा समूह की सभी सूचीबद्ध कंपनियों के कुल मार्केट कैप से ₹3.1 लाख करोड़ अधिक रही। इस तरह जियो की एंट्री ने देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों के साथ-साथ बड़े कारोबारी समूहों की रैंकिंग भी बदल दी।
यह तुलना कारोबारी समूहों की सूचीबद्ध कंपनियों के संयुक्त बाजार पूंजीकरण के आधार पर की गई है। रिलायंस समूह की गणना में Jio Financial Services को शामिल नहीं किया गया है।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News