GIS-2023: CM Yogi welcomes investors from all over the world in Uttar Pradesh

कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के बीच समृद्ध सांस्कृतिक संबंध: सीएम योगी

लखनऊ (एजेंसी/वार्ता): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरूवार को कहा कि कर्नाटक के साथ उत्तर प्रदेश के समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध है। कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री सीएन अश्वत्थ नारायण के नेतृत्व में यहां आये एक प्रतिनिधिमंडल ने श्री योगी से मुलाकात की। इस अवसर पर श्री योगी ने कहा कि कर्नाटक और उत्तर प्रदेश के बीच समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध रहे हैं।

अयोध्या दर्शन से लखनऊ आए प्रतिनिधिमंडल से मुख्यमंत्री ने कहा “ यह कितना सुखद है कि अयोध्या की सुरक्षा जिन हनुमान जी के हाथों में है, वह भी मूलतः कर्नाटक के रहने वाले थे। भगवान श्रीराम उन्हें जब अयोध्या लेकर आये तबसे वह हनुमानगढ़ी में विराजते हुए अयोध्या की सुरक्षा का प्रभार संभालते हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में भगवान श्री मंजूनाथ की परम्परा, नाथ सम्प्रदाय की शैव परम्परा को ही आगे बढ़ाती है और एक-दूसरे को सुदृढ़ आध्यात्मिक भाव के साथ जोड़ती है। उन्होने कहा कि 500 साल से जो नहीं हो सका वह आज हो रहा है। शताब्दियों की प्रतीक्षा के बाद अगर अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हो रहा है तो इसका कारण लाखों सनातन आस्थावानों का संघर्ष और साधना है।

उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले कोई भी अयोध्या नहीं जाना चाहता था, लोगों को डर लगता था कि कहीं उन पर कोई दाग न लग जाए। लेकिन अपनी विरासत के प्रति गौरव और आस्था के प्रति सम्मान का भाव ही है कि प्रधानमंत्री मोदी न केवल अयोध्या आये बल्कि अयोध्या को उसके पुरातन आभा से मंडित भी कर रहे हैं। आज श्रीरामजन्मभूमि पर मंदिर निर्माण हो रहा है। श्रीकाशी विश्वनाथ धाम बनकर तैयार हुआ है।

श्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध समय के साथ और मजबूत होते जाएंगे। उत्तर प्रदेश में हर कर्नाटकवासी का सदैव स्वागत है। उन्होंने बेंगलुरु और रामनगर के विपरीत उत्तर प्रदेश के शीतकालीन मौसम के बीच उत्तर प्रदेश में पर्यटन के समय अपने स्वास्थ्य का भी ध्यान रखने की सलाह दी। साथ ही भरोसा दिया कि सरकार/स्थानीय प्रशासन हर समय उनके सहयोग के लिए उपलब्ध रहेगी।

कर्नाटक के उच्च शिक्षा मंत्री सी.एन. अश्वत्थ नारायण ने भगवान राम की भूमि उत्तर प्रदेश में आगमन को अपने लिए सौभाग्य बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और कर्नाटक का संबंध रामायणकालीन है। आज जब शताब्दियों के इंतज़ार के बाद अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण हो रहा है तो कर्नाटक का हर नागरिक उत्साहित है-आनंदित है। अयोध्या दर्शन के अपने अनुभव को अविस्मरणीय बताते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री जी को बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल हर व्यक्ति अपने साथ अयोध्या की मिट्टी प्रसाद के रूप में ले जा रहा है। रामनगर जिले में निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर में भी इस मिट्टी का उपयोग करेंगे।

उन्होने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और कर्नाटक के संबंधों में प्रगाढ़ता आई है। कर्नाटकवासी योगी के व्यक्तित्व, कार्यशैली और विजन से अत्यंत प्रभावित हैं। कर्नाटक के रामनगर जनपद सिल्क, मिल्क और आम के लिए प्रसिद्ध है। कर्नाटक राज्य आईटी हब के साथ ही पारंपरिक चिकित्सा पद्धति को भी प्रोत्साहित कर रहा है।

-एजेंसी/वार्ता

यह भी पढ़े: भाजपा को धमकी देने वाले खुद बर्बाद हो गए, कोई नामलेवा न रहा: सुशील मोदी

Leave a Reply