मध्यप्रदेश की शराब नीति देश के लिए माॅडल बन जाए: उमा

मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने कहा है कि प्रदेश में शराब बंदी को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा। प्रदेश की शराब नीति में कई खामियॉ है, जिसे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी स्वीकार करते हुए इसमें सुधार की बात कही है। मेरी इच्छा है कि प्रदेश की शराब नीति देश के लिए मॉडल बन जाए।
सुश्री भारती आज यहां भाजपा नेता राजीव खंडेलवाल के निवास पर पत्रकारों से चर्चा कर रही थी। सुश्री भारती ने छिंदवाड़ा जिले के प्रसिद्ध जावसांवली मंदिर में पूजा करने के बाद कल रात्रि बैतूल में विश्राम किया था और आज सलकनपुर रवाना होने के पूर्व पत्रकारों से चर्चा में सुश्री भारती ने कहा कि उनकी इच्छा है कि प्रदेश में शराब नीति देश के लिए मॉडल बन जाये।

पूर्व मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उनकी यात्रा में एक चीज छूट गई है और वह है पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर)। वे अपनी यात्रा यहां तक लेकर जाकर इसे जोड़कर ही वापस आए। उन्होंने कहा कि भारत टूटा कहां है जिसे जोड़ने की जरूरत है। टूटा तो श्री गांधी के दादा पंडित जवाहर लाल नेहरू के समय, जिसे हमने धारा 370 हटाकर जोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि उनका नया नारा है, शराब छोड़ों, देशी गाय का दूध पीओ। मधुशाला से गौशाला की ओर चलो। मधुशाला बंद करो और गौशाला खोलो। गाय पालने से जैविक खेती का बढ़ावा मिलता है।

सुश्री भारती ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का एक मात्र राज्य है जहॉ जैविक खेती का रकबा बढ़ा है। इस दिशा में शिवराज सरकार भी अच्छा काम कर रही है। उनकी इच्छा है कि प्रदेश में भाजपा की बहुमत के साथ सरकार बने और कांग्रेस का सफाया हो जाए। सुश्री भारती ने कहा कि शराब बंदी से शराब माफिया का कोई लेना देना नही है। ये अलग माफिया है जिसमें पुलिस, प्रशासन, विधायक, सांसद एवं नेता सब उनकी जेब में पड़े होते है। सुश्री भारती ने शिवराज सरकार की कई योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा शानदार मतों से चुनाव जीतेगी।

-(एजेंसी/वार्ता)

यह भी पढ़ें:

iPhone 15 और iPhone 15 Plus हो सकता है सस्ता

 

Leave a Reply