लखनऊ (एजेंसी/वार्ता): ओडिशा में अगले साल 13 जनवरी से खेली जाने वाली 15वीं पुरूष हाकी विश्वकप की विजेता ट्राफी मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंची जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और खेल जगत की दिग्गज हस्तियों समेत हजारों खेल प्रेमियों ने भारत की जीत की कामना करते हुये ट्राफी का गर्मजोशी से इस्तकबाल किया। भारत की मेजबानी में आगामी हाकी विश्वकप 13 से 29 जनवरी तक ओडिशा में खेला जायेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश आगमन पर ट्रॉफी का अभिनन्दन किया। इस मौके पर उन्होने टोक्यो ओलंपिक 2020 की पदक विजेता भारतीय टीम के सदस्य ललित उपाध्याय को उत्तर प्रदेश पुलिस में पुलिस उपाधीक्षक पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
ललित के खेल योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए प्रतिबद्ध है। इसी कड़ी में ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के पदक विजेताओं की शासकीय सेवा का अवसर प्रदान किया जा रहा है। योगी ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की पावन भूमि ओड़िसा में हॉकी विश्वकप की मेजबानी के लिए आज पूरा देश उत्सुक है।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में यह हॉकी महाकुंभ विश्व के लिए भारत की ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से साक्षात्कार का सुअवसर भी होगा। उन्होंने विश्वकप के सफल आयोजन के लिए हॉकी इंडिया की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं। हॉकी इंडिया द्वारा वर्ल्ड कप हॉकी टूर के आयोजन की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री जी ने कहा “ भारतीय प्रशंसक हमेशा हॉकी के प्रति विशेष लगाव रहा है। यह हमारा राष्ट्रीय खेल है और वैश्विक मंच पर भारत का हॉकी में गौरवशाली अतीत रहा है। ओलंपिक में हमने आठ स्वर्ण पदक जीते हैं। इस विश्वकप में सभी खेलप्रेमी भारतवासी अपनी राष्ट्रीय टीम को समर्थन देने के लिए उत्सुक हैं।”
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: हैजा से लड़ने के लिए ओरल टीकों की 12 लाख खुराक हैती पहुंची
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News