चीन को इंजीनियरिंग सामान का निर्यात नवंबर 2022 में 40 प्रतिशत गिरा, अमेरिका को निर्यात वृद्धि

नयी दिल्ली (एजेंसी/वार्ता): चीन में कोविड19 संक्रमण की नयी लहर और विशेष रूप से यूरोपीय बाजार की कमजोरी के बीच, भारत का इंजीनियरिंग सामान के निर्यात में लगातार पांचवें महीने नवंबर 2022 में सालाना आधार पर गिरावट दिखी। नवंबर में निम्न तुलनात्मक आधार के प्रभाव से गिरावट की गति केवल 0.30 प्रतिशत तक सीमित दिखी है पर इस दौरान चीन को किए गए निर्यात में 40 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गयी।

भारतीय इंजीनियरिंग निर्यात संवर्धन परिषद (ईईपीसी) की शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार देश से इंजीनियरिंग सामानों का निर्यात नवंबर 2022 में 0.30 प्रतिशत गिरकर 8.07 अरब डॉलर रहा जबकि एक साल पहले इसी महीने में यह 8.10 अरब डालर था।

देश के कुल वाणिज्यिक निर्यात में इंजीनियरिंग वस्तुओं का निर्यात करीब एक चौथाई है। अप्रैल-नवंबर 2022-23 के दौरान इंजीनियरिंग निर्यात पिछले वर्ष इसी अवधि की तुलना में 1.8 प्रतिशत घटकर 70.72 अरब डॉलर रहा।

ईईपीसी इंडिया के अध्यक्ष श्री अरुणकुमार गरोडिया ने कहा , “ पिछले वित्त वर्ष में कोविड19 के बाद निर्यात में रिकार्ड सुधार के बाद से, वैश्विक मांग ने फिर से गिरावट की प्रवृत्ति है और निर्यात में गिरावट चालू वित्त वर्ष में संकट के संकेत के रूप में दिख रही है। गत फरवरी से यूक्रेन-रूस संघर्ष के बाद ईंधन की कीमतें ऊंची होने से यूरोप में विनिर्माण गतिविधियां प्रभावित हुई है। इसी तरह भारत के सबसे बड़े व्यापारिक भागीदारों में से एक चीन कोविड के मामलों में वृद्धि और रियल एस्टेट बाजार के संकट से जूझ रहा है।”

चीन को भारत से इंजीनियरिंग निर्यात नवंबर 2021 में 43.96 करोड़ डॉलर की तुलना में इस साल नवंबर में 40 प्रतिशत कम हो कर 26.36 करोड़ डॉलर रहा। अप्रैल-नवंबर 2022 में चीन को इंजीनियरिंग निर्यात सालाना आधार पर 58.2 प्रतिशत गिरकर 1.74 अरब डॉलर रहा।

पिछले वर्ष की इसी अवधि में चीन को निर्यात 4.18 अरब डॉलर था। इस बार नवंबर में अमेरिका को इंजीनियरिंग सामानों का पिछले साल इसी माह से 14 प्रतिशत बढ़कर 1.47 अरब डॉलर हो गया। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-नवंबर अवधि के दौरान वहां को निर्यात 21.5 प्रतिशत बढ़कर 12.85 अरब डालर रहा । इसी तरह यूरोपीय बाजार को निर्यात नवंबर 2022 के दौरान सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गयी।

-एजेंसी/वार्ता

यह भी पढ़े: मारिया संन्यास के फैसले पर कर सकते है पुनर्विचार

Leave a Reply