मुंबई में 1000 करोड़ के स्टूडियो पर चला बुलडोजर, जानिए पूरा मामला

मुंबई के मढ इलाके में समुद्र किनारे बने अवैध स्टूडियो पर BMC ने बुलडोजर चला दिया। इस मामले की शिकायत बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि यह अवैध स्टूडियो पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे और असलम शेख की शह पर बनाया गया था। करीब 5 लाख वर्ग फीट में फैला यह हाईटेक स्टूडियो साल 2021 में बना था। इसे बनाने में करीब एक हजार करोड़ रुपए खर्च हुए थे। इसमें रामसेतु और आदिपुरुष जैसी कई बड़े बजट की फिल्मों की शूटिंग हुई। रामसेतु का बजट 150 करोड़ और आदिपुरुष का बजट 600 करोड़ बताया जाता है।

भाजपा नेता किरीट सोमैया ने स्टूडियो का दौरा करने के दौरान उन्होंने मीडिया से कहा कि ठाकरे सरकार के भ्रष्टाचार के स्मारक को आज नष्ट कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बना यह स्टूडियो पूर्व मंत्रियों आदित्य ठाकरे और असलम शेख की शह पर बना था। इस निर्माण के खिलाफ हम दो साल से संघर्ष कर रहे थे।

किरीट सोमैया ने यह भी कहा कि यह स्टूडियो ठाकरे सरकार के स्टूडियो माफिया का ही एक हिस्सा है। 2021 में इस स्टूडियो के साथ दर्जनों अन्य स्टूडियो बनाए गए थे। स्टूडियो माफिया के खिलाफ हम दो साल से कानूनी जंग लड़ रहे हैं। आखिरकार कोर्ट के आदेश से इसे तोड़ दिया गया। अन्य अवैध निर्माणों के खिलाफ हमारी जंग जारी रहेगी।

दरअसल, स्टूडियो ढहाए जाने से पहले बीते दिन किरीट सोमैया ने एक ट्वीट में कहा था कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने आज मढ में 1000 करोड़ के अनधिकृत स्टूडियो को तोड़ने का आदेश दिया। असलम शेख और आदित्य ठाकरे की कृपा से 2021 में दर्जनों अनधिकृत स्टूडियो बनाए गए। इसे लेकर हम कोर्ट गए। किरीट सोमैया ने मलाड में 49 अवैध स्टूडियो और 22 अवैध बंगलों को गिराने की बीएमसी से मांग की थी। हालांकि उन पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

सोमैया का आरोप है कि तत्कालीन मंत्रियों और अफसरों ने इस मामले में आंखें मूंद रखी थीं। स्टूडियो बनाते समय नगर पालिका से भी परमिशन नहीं ली गई थी। इसके बाद स्टूडियो के आसपास भी अवैध तरीके से निर्माण किए गए।

– एजेंसी/न्यूज़ हेल्पलाइन

Leave a Reply