जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन’ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिलाओं के संबंध में दिए गए अटपटे बयान की याद दिलाते हुए आज कहा कि भाजपा को महिला सम्मान की बात करने का अधिकार नहीं है।
श्री सिंह ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बिहार विधानसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रजनन दर के विषय में अपनी बात कह रहे थे और बिहार सरकार की उपलब्धियां को गिनवा रहे थे। इस दौरान कुछ ऐसे शब्दों का प्रयोग हुआ, जो आमतौर पर नहीं होना चाहिए था। लेकिन, मुख्यमंत्री को तुरंत अपनी गलतियों का एहसास हुआ और उन्होंने 24 घंटे के अंदर मीडिया में सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। इसके बाद इस विषय पर हो हल्ला बंद हो जाना चाहिए था।
जदयू अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि श्री मोदी ने महिलाओं के लिए ‘‘बेटी बचाओ बेटी पटाओ’’ और ‘‘50 करोड़ की गर्लफ्रैंड’’ जैसे निम्नस्तरीय वाक्यों का प्रयोग किया था। क्या इसके लिए कभी उन्होंने माफी मांगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को महिला सम्मान के विषय में ज्ञान देने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त और संबल बनाने में मुख्यमंत्री श्री कुमार की अहम भूमिका रही है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में श्री कुमार ने जो काम किया है, वह सिर्फ देश ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में एक उदाहरण है।
श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सामाजिक न्याय के साथ विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी वर्गों के साथ न्याय किया है। आर्थिक रूप से पिछड़े 94 लाख परिवारों को उन्होंने दो लाख रुपए देने की घोषणा की है। अतिपिछड़ा-पिछड़ा एवं अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों के लिए भी आरक्षण बढ़ाने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने सबका साथ और सबके विकास का नारा दिया था लेकिन उन्हें बताना चाहिए कि उन्होंने साढ़े नौ वर्षों में किसका विकास किया।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News