नई दिल्ली (एजेंसी/वार्ता): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न्यूयॉर्क शहर में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थापित किए जाने पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा है कि यह हर भारतीय के लिए गौरव की बात है।
उन्होंने कहा है कि गांधीजी के विचार और सुझाव धरती को और भी समृद्ध बनाने तथा दुनिया के लिए अधिक स्वस्थ विकास की दिशा में सहायक हो सकते हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने गुरुवार को एक ट्वीट में कहा, “संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय पर महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा को देखकर हर भारतीय गौरवान्वित है। कामना है कि गांधीजी के विचार और सुझाव हमारी धरती को और अधिक समृद्ध तथा दुनिया के लिए विकास को और अधिक स्वस्थ बनाएं।”
श्री मोदी ने इस ट्वीट के साथ प्रतिमा के अनावरण समारोह में लिया गया चित्र भी प्रेषित किया है जिसमें संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस, विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर और संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थाई राजदूत रुचिरा कंबोज भी उपस्थित दिख रही हैं।
भारत ने महात्मा गांधी की यह आवक्ष प्रतिमा संयुक्त राष्ट्र को भेंट की है। विदेश मंत्री श्री जयशंकर और संयुक्त राष्ट्र महासचिव श्री गुतारेस ने बुधवार को संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय के उत्तरी उद्यान में आयोजित सादे समारोह में इस प्रतिमा का अनावरण किया।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: मोदी ने मेट फ्रेडरिक्सन के डेनमार्क की दोबारा प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News