फोर्ब्स 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं में सीतारमण लगातार 5वीं बार शामिल

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अमेरिकी बिजनेस मैगजीन फोर्ब्स की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में जगह बनाई है। फोर्ब्स की सूची में चार भारतवंशी महिलाओं को शामिल किया गया है।

फोर्ब्स की शक्तिशाली महिलाओं की सूची में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 32वें स्थान पर हैं। यह लगातार 5वीं बार है, जब निर्मला सीतारमण ने इस सूची में जगह बनाई है। पिछले साल वो इस सूची में 36वें स्थान पर रही थीं, जबकि 2021 में उनको 37वां स्थान मिला था। इस बार की रैंकिंग में महिलाओं के वैश्विक परिवेश में योगदान, महिलाओं तक शिक्षा उनके अधिकारों के लिए काम और जेंडर संबंधी हिंसा को कम करने के आधार पर दी गई है।

दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में यूरोपीय आयोग की प्रमुख उर्सुला वॉन डेर लेयेन पहले स्थान पर हैं। दूसरे स्थान पर यूरोपीय सेंट्रल बैंक की बॉस क्रिस्टीन लेगार्ड और अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमल हैरिस तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में अन्य तीन भारतवंशी महिलाओं में एचसीएल कॉर्पोरेशन की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रोशनी नादर मल्होत्रा का 60वें स्थान, स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया की चेयरपर्सन सोमा मंडल 70वें स्थान और बायोकॉन की संस्थापक किरण मजूमदार-शॉ का 76वां स्थान है।

उल्लेखनीय है कि अमेरिकी बिजनेस मैगजीन हर साल दुनिया की 100 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची जारी करती है। फोर्ब्स चार प्रमुख मैट्रिक्स के आधार पर यह रैंकिंग निर्धारित करता है, जिसमें पैसा, मीडिया, प्रभाव और प्रभाव के क्षेत्र शामिल है। पॉलिटिकल नेताओं के लिए पत्रिका ने जीडीपी और जनसंख्या को मानक के तौर पर लिया है। वहीं, कॉर्पोरेट लीडर्स के लिए राजस्व, मूल्यांकन और एंप्लॉइज की संख्या को लिया है।

– एजेंसी