समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनावों में सहयोगी दलों को सीटें देने में उदार रहेगी : अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां के साथ अपनी पूरी हमदर्दी जताते हुए कहा कि इन नेताओं का उत्पीड़न शोषितों, वंचितों की आवाज को दबाने के लिए किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी उनके साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है। हमें न्यायालय और देश की जनता पर भरोसा है।

अखिलेश यादव देवबंद में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। वह यहां पूर्व विधायक के यहां शादी समारोह में भाग लेने के बाद अपनी पार्टी के युवा नेता और पिछला विधान सभा चुनाव लड़े कार्तिकेय राणा द्वारा किए गए उनके अभिनंदन समारोह में बोल रहे थे। अखिलेश यादव ने कहा कि देवबंद ऐसा क्षेत्र है, जहां के लोगों ने आजादी की लड़ाई में अपने प्राण न्यौछावर किए और देवबंद की भूमि देश और दुनिया को प्रामाणिक ज्ञान दे रही है। गंगा-जमुनी तहजीब के लिए देवबंद और सहारनपुर एवं आसपास का क्षेत्र अपनी ख्याति रखता हैं। समाजवादी पार्टी को पिछले लोकसभा चुनावों में और बाद के चुनावों में यहां की जनता का पूरा आशीर्वाद मिला है। उन्हें आगे भी भरोसा है कि आगामी लोकसभा चुनावों में यहां की प्रबुद्ध जनता सपा और सहयोगी दलों का समर्थन करेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्षी दलों का गठबंधन इंडिया लोकसभा चुनावों के लिए बना है। पहले उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी, इसीलिए मध्य प्रदेश वाला प्रकरण सामने आया जो समाप्त हो गया है। सहयोगी दलों के प्रति उनका रवैया पहले की तरह उदार है। समाजवादी पार्टी लोकसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन में शामिल दलों को सीटें छोड़ने में उदारता देने का परिचय देगी।

उन्होंने एक दिन पूर्व 65 सीटों पर चुनाव लड़ने के बयान पर सफाई देते हुए कहा कि कल लखनऊ में समाजवादी पार्टी की कार्यकारिणी की बैठक हुई, जिसमें दलीय नेताओं का दबाव था कि हमें कम से कम 65 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए। इसलिए उन्होंने मीडिया में यह बात कही थी। लेकिन ऐसा है नहीं। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी की नीति के बारे में कहा कि पिछड़ा दलित और अल्पसंख्यक मुस्लिम का गठजोड़ एनडीए को चुनाव में पराजित करेगा। इन्हीं तीन समुदायों को भाजपा और एनडीए ने सबसे ज्यादा उपेक्षित रखा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि जो भी विपक्षी नेता भाजपा सरकार की आलोचना करता है उसी के खिलाफ मुकदमा और उत्पीड़न की कार्रवाई शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी आजम खां के साथ खड़ी है और उनका पूरा साथ देगी। न्यायालय से आजम खां को न्याय मिलेगा। इसी तरह उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पक्ष में अपनी पुरजोर आवाज बुलंद की और कहा कि अरविंद केजरीवाल को कोर्ट और जनता से न्याय मिलेगा। भारी सुरक्षा के बीच अखिलेश यादव दोपहर करीब पौने दो बजे देवबंद पहुंचे और दोनों स्थानों पर साढ़े तीन बजे तक रहे। उनके सभी कार्यकर्त्ताओं और समर्थकों में उनकी एक झलक पाने को लेकर जबरदस्त जोश था। पुलिस को लोगों को व्यवस्थित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

– एजेंसी