रजनीकांत के फैंस को मिला तोहफा, एक्टर की अगली फिल्म थलाइवर 170 के शीर्षक से उठा पर्दा

साउथ फिल्म इंडस्ट्री से लेकर बॉलीवुड इंडस्ट्री तक अपनी बेहतरीन एक्टिंग के दम पर लोगों के दिल पर राज करने वाले एक्टर रजनीकांत 12 दिसंबर को 73 साल के हो गए हैं। इस खास मौके पर रजनीकांत के तमाम चाहने वालों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। रजनीकांत को सोशल मीडिया के जरिए आम से लेकर खास लोगों का काफी प्यार मिला है। वहीं, रजनीकांत के फैंस के लिए खुशखबरी है।

दरअसल, रजनीकांत के जन्मदिन पर उनकी अगली फिल्म थलाइवर 170 के टाइटल का अनाउंसमेंट कर दिया गया है। आइए जानते हैं कि रजनीकांत की इस फिल्म का नाम क्या है। फिल्ममेकर्स ने सोशल मीडिया पर रजनीकांत की टीजर का लिंक पोस्ट किया है। इस पोस्ट के साथ कैप्शन दिया, इंतजार खत्म हुआ! पेश है थलाइवर 170 का टाइटल वेट्टैयन। स्पेशल डे पर थलाइवर के पॉवर, स्टाइल और स्वैग को दिखाना। रजनीकांत की फिल्म वेट्टैयन के टीजर को काफी पसंद किया जा रहा है। रजनीकांत हमेशा की तरह अपने अलग अंदाज में नजर आए और फैंस का दिल जीत गए।

फिल्म वेट्टैयन में रजनीकांत के साथ अमिताभ बच्चन महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। इन दोनों स्टार्स ने पहले भी एक साथा काम किया है। फैंस एक बार फिर रजनीकांत और अमिताभ बच्चन को फिल्म में देखने के लिए उत्साहित हैं।बताते चलें कि रजनीकांत ने अपने ट्विटर हैंडल पर कुछ दिनों पहले एक तस्वीर शेयर की थी। इस तस्वीर में रजनीकांत और अमिताभ बच्चन नजर आ रहे हैं। रजनीकांत ने इस फोटो के साथ कैप्शन लिखा था, 33 साल बाद एक फिर अपने मेंटर अमिताभ बच्चन के साथ फिल्म थलाइवर, 170 में काम कर रहा हूं। फिल्म को टीजे गनेवल डायरेक्ट कर रहे हैं।

– एजेंसी