जयपुर में शुक्रवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस दौरान यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय भी जाएंगे।
प्रधानमंत्री मोदी 58वें पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन में भाग लेने के लिए जयपुर आ रहे हैं जो पांच से सात जनवरी तक यहां के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर में होगा।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी कल शाम भाजपा कार्यालय आएंगे। वह कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे। मोदी के कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी की भाजपा के प्रदेश कार्यालय की यह पहली यात्रा होगी।”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष जोशी और अन्य नेताओं ने पार्टी कार्यालय में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मोदी के कार्यक्रम के लिए पार्टी कार्यालय को सजाया गया है।
पुलिस महानिदेशक-महानिरीक्षक सम्मेलन को लेकर भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। इसके लिए जयपुर के मुख्य मार्गों के साथ साथ प्रमुख इमारतों को भी सजाया गया है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं।
मोदी सम्मेलन में एक औपचारिक सत्र को संबोधित करने से पहले देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों के साथ बातचीत करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पूरे सम्मेलन में मौजूद रहेंगे जो कई सत्रों में चलेगा।
अधिकारियों के अनुसार पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) रैंक के लगभग 250 अधिकारी इस सम्मेलन में शामिल होंगे जबकि 200 से अधिक अधिकारियों के ऑनलाइन जुड़ने की संभावना है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News