विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने भारत रत्न पुरस्कार की घोषणा का स्वागत किया

विभिन्न पार्टियों के नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी.नरसिम्हा, चौधरी चरण सिंह और प्रख्यात वैज्ञानिक एम.एस.स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित करने की घोषणा का स्वागत किया और कहा कि तीनों हस्तियां इस सम्मान की हकदार हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह के साथ-साथ कृषि वैज्ञानिक एम एस स्वामीनाथन को ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने के फैसले की सराहना की और कहा कि यह इन महान विभूतियों के प्रति राष्ट्र की गहरी कृतज्ञता का प्रमाण है।

शाह ने ‘एक्स’ पर अलग-अलग पोस्ट कर कहा, ”पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को ‘भारत रत्न’ देना उन महान राजनीतिज्ञ को एक सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने हमारे देश के इतिहास को एक अलग दृष्टिकोण और अपने राजनीतिक कौशल के साथ आकार दिया।”

उन्होंने कहा कि उन्हें बेहद खुशी है कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न से सम्मानित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जीवनभर किसानों के लिए समर्पित रहे सिंह ने किसानों के कल्याण के लिए कई काम किये।

स्वामीनाथन के बारे में शाह ने कहा, ”प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. एमएस स्वामीनाथन जी को भारत रत्न से सम्मानित करना उन महान विभूतियों के प्रति हमारे राष्ट्र की गहरी कृतज्ञता का प्रमाण है जिन्होंने इसकी प्रगति की नींव रखी।”

वरिष्ठ भाजपा नेता और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ”मैं इसे सकारात्मकता के साथ देखता हूं। सच्चाई यह है कि उन्हें बहुत पहले सम्मानित किया जाना चाहिए था लेकिन पहली बार सरकार ने इस बारे में सोचा।” उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ भाजपा हमेशा ऐसे फैसले लेने में पार्टी राजनीति से ऊपर उठकर काम करती है।

भाजपा नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी इस घोषणा का स्वागत किया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं। जिन लोगों को यह सम्मान दिया गया है उन्होंने देश के विकास में योगदान दिया है।”

कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार एक ओर पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी.नरसिम्हा राव का सम्मान कर रही है, वहीं मनमोहन सिंह सरकार के दौरान अर्थव्यवस्था को लेकर ‘श्वेतपत्र’ लाई है जो राव सरकार में वित्तमंत्री थे।

शुक्ला ने कहा, ”हम घोषणा का स्वागत करते हैं, वे इसके हकदार हैं। पी. वी. नरसिम्हा राव ने देश की अर्थव्यवस्था को सुधारने में बहुत बड़ा योगदान दिया है। मनमोहन सिंह जी उनके मंत्रिमंडल में थे। एक तरफ वे नरसिम्हा राव को भारत रत्न दे रहे हैं, दूसरी तरफ वे राव द्वारा लाए गए आर्थिक सुधारों को लागू करने वाली मनमोहन सिंह की सरकार के खिलाफ श्वेत पत्र ला रहे हैं।”

उन्होंने कहा, ‘‘चौधरी चरण सिंह एक बड़े किसान नेता थे और स्वामीनाथन एक प्रमुख कृषि वैज्ञानिक थे। हम उन्हें सम्मानित करने का स्वागत करते हैं।”

मुजफ्फरनगर के सांसद संजीव बालियान ने भी इस घोषणा का स्वागत किया और कहा कि भारत रत्न से सम्मानित करने के लिए जिन तीन हस्तियों के नामों की घोषणा की गई है, उनमें से दो ने किसानों के लिए काम किया था।

भाजपा नेता बालियान ने कहा, ”मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को धन्यवाद देता हूं। देशभर के किसान चाहते थे कि चौधरी चरण सिंह जी को यह सम्मान मिले। मैं सभी किसानों की ओर से उन्हें धन्यवाद देता हूं। मैं स्वामीनाथन जी को भारत रत्न दिये जाने का भी स्वागत करता हूं। उन्होंने किसानों के लिए भी काम किया। इसलिए तीन भारत रत्न पुरस्कारों में से दो किसानों को समर्पित किए गए हैं।”

जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद राजीव रंजन सिंह ने देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान पाने वालों को भारत के ‘रत्न’ बताया। उन्होंने कहा, ‘‘वे भारत के रत्न हैं जिन्हें भारत रत्न दिया गया है। केवल आज घोषित तीन नाम ही नहीं कुछ दिन पहले घोषित कर्पूरी ठाकुर और एल के आडवाणी, सभी रत्न हैं।”

– एजेंसी