सीआईडी ने नायडू के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया

आंध्र प्रदेश पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने नियमों का उल्लंघन कर शराब कंपनियों को अनुमति देने के मामले में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ एक और मामला दर्ज किया है।

सीआईडी पुलिस ने यहां सोमवार को राज्य में नियमों का उल्लंघन कर शराब कंपनियों को अनुमति देने के आरोप के आधार पर तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ एक नया मामला दर्ज किया।

सीआईडी ने मामले में श्री नायडू को आरोपी तीन के रूप में उल्लेख किया है। श्री नायडू के खिलाफ नया मामला भी भ्रष्टाचार निवारण (पीसी) अधिनियम के तहत दर्ज किया गया।

सीआईडी पुलिस ने सोमवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) अदालत में याचिका दायर की और अदालत ने सीआईडी की इस कार्रवाई की अनुमति दे दी है। श्री नायडू के खिलाफ यह चौथा मामला दर्ज किया गया है।

उल्लेखनीय है कि श्री नायडू को कौशल विकास घोटाले में गिरफ्तार किया गया था और वह 10 सितंबर से राजमुंदरी केन्द्रीय जेल में हैं। आंध्रप्रदेश उच्च न्यायालय ने श्री नायडू की अंतरिम जमानत पर फैसला कल के लिए सुरक्षित रख लिया।

– एजेंसी