पुणे (एजेंसी/वार्ता): पुणे की कस्बा विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की विधायक एवं शहर की पूर्व महापौर मुक्ता शैलेश तिलक का गुुरुवार को निधन हो गया। वह 57 वर्ष की थीं।
सुश्री तिलक पिछले कई महीनों से कैंसर से पीड़ित थीं और उनका इलाज पुणे के गैलेक्सी केयर अस्पताल में चल रहा था, जहां उन्होंने आज अंतिम सांस ली। सुश्री तिलक को भाजपा की एक ईमानदार कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता है, वह पार्टी मिशन को ध्यान में रखते हुए राजनीतिक जीवन में व्यस्त रहती थीं। कैंसर से जूझते हुए भी वह व्हीलचेयर पर मुंबई गईं और विधानसभा प्रस्ताव में अपना मतदान किया।
सुश्री तिलक 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में कस्बा पेठ से विधान सभा के लिए निर्वाचित हुई थीं। वह 2017 से 2019 तक पुणे की मेयर भी रही थीं। वह पुणे के भावे गर्ल्स स्कूल की छात्रा थीं और बाद में उन्होंने फर्ग्युसन कॉलेज में अपना नामांकन करवाया था।
उनके परिवार के सदस्यों के अनुसार, उन्होंने मनोविज्ञान में एमए किया और पुणे विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभाग से जर्मन की पढ़ाई की। उन्होंने मार्केटिंग में एमबीए भी किया था और पत्रकारिता का कोर्स भी किया था। भाजपा प्रवक्ता संदीप खारदेकर ने कहा कि सुश्री तिलक को अंतिम संस्कार शुक्रवार को पुणे के वैकुंठ श्मशान घाट में किया जाएगा।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: नकबजनी करने के गिरोह का फंडाफोड, चार बदमाश गिरफ्तार
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News