नयी दिल्ली (एजेंसी/वार्ता): कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के आखिरी घंटे के मतदान में भारी गड़बड़ी हुई है और इस दौरान इतना अधिक वोट पड़े जो इंसान के लिए कहीं भी संभव ही नहीं है।
कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने सोमवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गुजरात विधानसभा चुनाव में बड़ी भारी गड़बड़ी हुई और इसी गड़बड़ी का परिणाम हैं कि भाजपा को वहां अभूतपूर्व सफलता मिली है। गुजरात में दो चरणों में मतदान हुआ और दूसरे चरण के मतदान में पांच से छह बजे के बीच भारी गड़बड़ी हुई है। एक घंटे की अवधि में 16 लाख से ज्यादा मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया है।
कहीं-कहीं तो एक मिनट में दो-दो वोट पड़े हैं जो इंसान के लिए संभव ही नहीं है। उन्होंने कहा “हम सभी सीटों पर हुए मतदान को लेकर विश्लेषण कर रहे हैं। हमने अपने सभी प्रत्याशियों से जानकारी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि कई विधानसभा क्षेत्रों में एक घंटे के भीतर 11 प्रतिशत और इससे अधिक मतदान हुआ है।
मानवीय रूप से यह संभव नहीं है। इसका मतलब यह हुआ कि 25 से 30 सेकेंड में एक वोट पड़ा है और एक मिनट में दो वोट पड़े ऐसा हो ही नहीं सकता है।” कांग्रेस नेता ने कहा कि इन सब गड़बड़ियों की पड़ताल की जाएगी और पार्टी को तय करना है कि किस दरवाजे पर जाकर अपनी बात कहनी है।
इस बारे में निर्णय लेना है और लोकतंत्र को बचाने के लिए जहां भी जाना पड़े जाना होगा। उनका कहना था कि चुनाव आयोग शिकायत को लेकर कांग्रेस पहले कई बार गई लेकिन वहां न्याय नहीं मिलता है इसलिए यह तय करना है कि किस दरवाजे पर जाकर न्याय की गुहार लगानी है।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: विदेश भेजने का झांसा देकर ठगी करने वाला एजेंट दिल्ली पुलिस के हत्थे चढ़ा
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News