कोप्पल (एजेंसी/वार्ता): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा उनके पूर्वजों की गलतियों के लिए ‘प्रायश्चित यात्रा’ है। नड्डा ने यहां पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा , “ ‘यह भारत जोड़ो यात्रा नहीं है, बल्कि भारत तोडो यात्रा है।”
उनहोंने दिवंगत प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की संविधान की धारा 370 सहित कई नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से अलग करके विशेष दर्जा देने वाली भूल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद में इसे निरस्त कर सुधारा। उन्होंने कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को भारत तोडो यात्रा कहने के अपने रुख को सही ठहराते हुए कहा कि श्री राहुल गांधी उन टुकड़े टुकड़े गिरोह के साथ खड़े थे, जो ‘अफजल हम शर्मिंदा हैं तेरे कातिल जिंदा हैं’ जैसे नारे लगा रहे थे। उन्होंने कहा कि अफजल गुरु भारतीय संसद पर हुए आतंकवादी हमले का मास्टरमाइंड था।
उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के कर्नाटक चरण के दौरान जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने के लिए भी श्री राहुल गांधी पर निशाना साधा, जिन्होंने भारत तेरे टुकड़े होंगे इंशा अल्लाह के नारे लगाए थे। उन्होंने कहा, “ क्या ऐसे लोग भारत को एक कर सकते हैं या नष्ट कर सकते हैं।” मोदी के ‘सबका साथ सबका विकास’ नारे के संदर्भ में उन्होंने कहा कि भाजपा ‘किसी का तुष्टीकरण नहीं ’ और ‘सभी के लिए न्याय’ के सिद्धांत का पालन करती है।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: कर्नाटक के शिमोगा में स्कूल बस पलटने से बीस छात्र घायल
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News