मनोज तिवारी का एक और शतक, बंगाल ने असम पर शिकंजा कसा

कप्तान मनोज तिवारी के शतक की मदद से बंगाल ने शनिवार को यहां रणजी ट्राफी ग्रुप ए मुकाबले के दूसरे दिन पहली पारी में 405 रन का स्कोर खड़ा करने के बाद स्टंप तक असम के 99 रन तक आठ विकेट झटक लिये।

तिवारी पहले दिन अपने राज्य के लिए 10,000 रन बनाने वाले बंगाल के चौथे खिलाड़ी बन गये। उन्होंने सुबह 68 रन की पारी को 30वें प्रथम श्रेणी शतक में तब्दील किया। उन्होंने 264 गेंद में नौ चौके जड़कर 100 रन बनाये।

अनुभवी अनुस्तुप मजूमदार अपने रात के स्कोर में केवल पांच रन ही जोड़ पाये और 125 रन पर आउट हुए। तिवारी की मदद से बंगाल ने पहली पारी में 405 रन बनाये जिसमें करण लाल (52), सूरज सिद्धू जायसवाल (52) के अर्धशतकों का भी योगदान रहा।

बंगाल के गेंदबाजों ने फिर कमाल कर दिया। मोहम्मद कैफ (32 रन देकर तीन (विकेट), जायसवाल (25 रन देकर तीन विकेट) और अंकित मिश्रा (22 रन देकर दो विकेट) की गेंदबाजी से असम के स्टंप तक 99 रन पर आठ विकेट निकल चुके थे।

मुंबई में अजिंक्य रहाणे की अगुआई वाली टीम के खिलाफ दूसरे दिन उत्तर प्रदेश ने पहली पारी के आधार पर 126 रन से बढ़त हासिल की।

उत्तर प्रदेश के कप्तान नितीश राणा ने 120 गेंद में 106 रन बनाये। उनके शतक और समर्थ सिंह (63) के अर्धशतक से टीम ने मुंबई के पहली पारी में 198 रन के जवाब में 324 रन बनाये।

रोस्टन डायस और शिवम दुबे ने तीन तीन विकेट झटके लेकिन उत्तर प्रदेश को बढ़त से नहीं रोक सके।

जवाब में मुंबई ने स्टंप तक बिना विकेट गंवाये 24 रन बना लिये हैं। जय बिस्टा 15 और भूपेन लालवानी नौ रन बनाकर खेल रहे हैं। अब भी मुंबई 102 रन से पीछे है।

पटना में मेजबान बिहार ने सकिबुल गनी (नाबाद 120 रन) के शतक और पीयूष सिंह (51) तथा बिपिन सौरभ (60) के अर्धशतकों से पांच विकेट पर 270 रन बनाकर केरल पर 43 रन की बढ़त हासिल की। केरल ने पहली पारी में 227 रन बनाये थे।

रायपुर में भारतीय बल्लेबाज हनुमा विहारी दोहरा शतक जड़ने का मौका चूक गये। उन्होंने 347 गेंद में 21 चौके और तीन छक्के से 183 रन बनाये जिससे आंध्र ने छत्तीसगढ़ के रवि किरण के सात विकेट झटकने के बावजूद 431 रन का स्कोर खड़ा किया। छत्तीसगढ़ ने स्टंप तक तीन विकेट गंवाकर 118 रन बना लिये थे और वह 313 रन से पिछड़ रही है।

– एजेंसी