संजय कपूर की मौत पर मां रानी कपूर ने जताया संदेह, उठाए कई गंभीर सवाल

बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और बिज़नेसमैन संजय कपूर की 12 जून को लंदन में अचानक हुई मौत के एक महीने बाद अब उनकी मां रानी कपूर ने इस पूरे मामले पर चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने न केवल अपने बेटे की मौत पर संदेह जताया है, बल्कि कुछ लोगों पर पारिवारिक विरासत हड़पने के भी गंभीर आरोप लगाए हैं।

मधुमक्खी के कारण हार्ट अटैक का दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, संजय कपूर की मृत्यु लंदन में पोलो खेलते समय हुई थी। दावा किया गया कि उन्होंने मधुमक्खी निगल ली, जिससे एलर्जी के कारण उन्हें हार्ट अटैक आया और अस्पताल ले जाने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हालांकि, रानी कपूर का कहना है कि उन्हें अब तक इस घटना से संबंधित कोई आधिकारिक डॉक्यूमेंट या मेडिकल रिपोर्ट नहीं दी गई है।

मां को नहीं मिली बेटे की मौत की जानकारी
रानी कपूर ने अपने बेटे की कंपनी सोना कॉमस्टार के बोर्ड को एक औपचारिक पत्र भेजा है जिसमें उन्होंने सालाना आम बैठक को स्थगित करने की मांग की है। उन्होंने लिखा, “मेरे बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई, लेकिन अब तक मुझे कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। मैं सिर्फ मीडिया की रिपोर्ट्स और अफवाहों पर निर्भर हूं।”

जबरन साइन कराए गए दस्तावेज?
रानी कपूर ने आगे आरोप लगाया कि उनसे कुछ दस्तावेज जबरन साइन करवाए गए थे जिन्हें उन्होंने ठीक से पढ़ा भी नहीं। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि उन्हें अपने निजी खातों तक पहुंच से वंचित कर दिया गया है और उन्हें चुनिंदा लोगों की दया पर छोड़ दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि यह सब कुछ संजय की मौत के एक महीने के अंदर ही शुरू हो गया।

पारिवारिक विरासत पर खतरा
रानी कपूर ने इस पूरे घटनाक्रम को परिवार की विरासत को हड़पने की साजिश बताया है और जांच की मांग की है। उनका कहना है कि शोक के इस समय में कुछ लोग स्थिति का फायदा उठाकर बोर्ड और संपत्ति पर नियंत्रण करने की कोशिश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें:

काजू-बादाम से भी ज्यादा ताकतवर साबित होगा ये ड्राई फ्रूट, जानें कैसे करें डाइट में शामिल