सर्दियों की ठंडी हवाएं सबसे पहले असर दिखाती हैं हमारी त्वचा पर। इस मौसम में त्वचा का रूखापन, बेजान होना और एड़ियों का फटना एक आम परेशानी बन जाती है। कई बार एड़ियां इतनी ज्यादा फट जाती हैं कि उनमें दर्द और मवाद तक होने लगता है।
हालांकि ये समस्या आम है, लेकिन अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो ये गंभीर रूप भी ले सकती है। इसलिए ज़रूरी है कि समय रहते इसका सही तरीके से ख्याल रखा जाए। आइए जानते हैं सर्दियों में त्वचा और एड़ियों को फटने से बचाने के आसान और असरदार घरेलू उपाय।
1. त्वचा को रखें हाइड्रेटेड और मॉइस्चराइज्ड
सर्दियों में पानी पीने की इच्छा कम हो जाती है, लेकिन शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से त्वचा अंदर से नमी प्राप्त करती है।
इसके साथ ही, एक अच्छा मॉइस्चराइज़र लगाना न भूलें, खासकर पैरों और एड़ियों पर। ऐसा मॉइस्चराइज़र चुनें जो गहराई तक त्वचा को पोषण दे। स्नान के बाद और रात में सोने से पहले नियमित रूप से इसका उपयोग करें।
नोट: गर्म पानी से स्नान करने से त्वचा की नमी खत्म हो सकती है, इसलिए गुनगुने पानी का ही उपयोग करें।
2. तेल से मसाज करें
रात को सोने से पहले नारियल तेल या जैतून के तेल से एड़ियों पर हल्के हाथों से मसाज करें। यह तेल त्वचा को नमी देने के साथ उसे मुलायम भी बनाते हैं।
अगर आपकी त्वचा अत्यधिक रूखी है तो पूरे शरीर और चेहरे पर भी जैतून का तेल लगाया जा सकता है। यह फटी एड़ियों को भरने में मदद करता है।
3. घरेलू नुस्खे आजमाएं
एक टब में गर्म पानी लें, उसमें थोड़ा नमक मिलाएं और 10–15 मिनट तक अपने पैरों को उसमें डुबोएं। इससे एड़ियों की सख्त और मृत त्वचा मुलायम हो जाती है। इसके बाद स्क्रबर से हल्का स्क्रब करें और मॉइस्चराइज़र या तेल लगाएं।
अगर फटाव बहुत ज्यादा है और दर्द हो रहा है, तो मेडिकेटेड क्रीम जैसे सैलिसिलिक एसिड युक्त क्रीम डॉक्टर की सलाह से इस्तेमाल करें।
4. स्क्रब करें, लेकिन सावधानी से
फटी हुई त्वचा पर अक्सर मृत कोशिकाएं जम जाती हैं। सप्ताह में 1–2 बार हल्के हाथों से स्क्रब करें ताकि यह परत हट सके और त्वचा फिर से सांस ले सके।
स्क्रबिंग के बाद मॉइस्चराइज़र लगाना न भूलें। इसके बाद मुलायम सूती मोजे पहनें, जो त्वचा की नमी को बरकरार रखते हैं।
5. आहार में करें बदलाव
सिर्फ बाहरी देखभाल नहीं, अंदरूनी पोषण भी जरूरी है। विटामिन A, C और E से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे गाजर, पपीता, हरी पत्तेदार सब्जियां, फल और सूखे मेवे नियमित रूप से खाएं।
सर्दियों में ताजे मौसमी फलों और सब्जियों का सेवन त्वचा को अंदर से मजबूत और चमकदार बनाएगा।
6. जूतों का सही चुनाव करें
कठोर, तंग या ऊँची एड़ी वाले जूते न पहनें। ऐसे जूते एड़ियों पर दबाव डालते हैं जिससे त्वचा फटने लगती है। सर्दियों में सॉफ्ट, आरामदायक और गर्म जूते पहनें जो त्वचा को सुरक्षित रखें।
यह भी पढ़ें:
क्या आप भी ले रही हैं बर्थ कंट्रोल पिल्स? जानिए इससे जुड़ी गंभीर चेतावनी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News