इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2025 का फाइनल रोमांच से भरपूर होने वाला है क्योंकि इस बार दो ऐसी टीमें आमने-सामने होंगी, जो अब तक एक बार भी खिताब नहीं जीत सकीं। मंगलवार, 3 जून को खेले जाने वाले फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से होगा। रविवार को खेले गए दूसरे क्वालिफायर में पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (MI) को 5 विकेट से हरा दिया और पूरे 11 साल बाद फाइनल में जगह बनाई।
मुंबई का 200 रन का घमंड टूटा
यह हाई-वोल्टेज मुकाबला अहमदाबाद में 1 जून की रात शुरू हुआ, जो बारिश की वजह से सवा दो घंटे की देरी के बाद शुरू हो सका और 2 जून की सुबह जाकर खत्म हुआ। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई की शुरुआत खराब रही, जब रोहित शर्मा तीसरे ओवर में आउट हो गए। हालांकि इसके बाद सूर्यकुमार यादव (44), तिलक वर्मा (44), नमन धीर (37) और जॉनी बेयरस्टो (38) की तेज पारियों की बदौलत मुंबई ने 203 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
इतिहास गवाह है कि आईपीएल के 18 साल में मुंबई इंडियंस कभी भी 200+ रन बनाने के बाद नहीं हारी थी, लेकिन इस बार पंजाब ने ये रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
अय्यर की कप्तानी की छाप, नेहाल का बदला
203 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम शुरुआत में लड़खड़ा गई। 72 रन तक तीन विकेट गिर चुके थे, जिनमें जोश इंग्लिस (38) का आउट होना बड़ा झटका था। लेकिन कप्तान श्रेयस अय्यर ने मोर्चा संभाला और उनका साथ दिया युवा बल्लेबाज नेहाल वढ़ेरा ने, जो कुछ समय पहले तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे। दोनों ने मिलकर 84 रनों की विस्फोटक साझेदारी कर पंजाब को जीत की ओर ले गए।
हालांकि नेहाल (48) और शशांक सिंह जल्दी-जल्दी आउट हो गए, जिससे मुंबई को वापसी का मौका मिला। लेकिन इस बार भी जसप्रीत बुमराह जैसे गेंदबाज कुछ नहीं कर पाए — उन्होंने अपने चार ओवर में 40 रन दिए और एक भी विकेट नहीं लिया।
आखिरी झटका तब लगा जब अय्यर ने 19वें ओवर में लगातार 4 छक्के लगाकर मैच खत्म कर दिया। उन्होंने महज 41 गेंदों में नाबाद 87 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 5 चौके शामिल थे।
यह भी पढ़ें:
1 जून से इन स्मार्टफोन्स में नहीं चलेगा WhatsApp! कहीं आपका फोन भी तो लिस्ट में नहीं
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News