बॉलीवुड में सलमान खान को कई अलग-अलग नामों से जाना जाता है। कोई उन्हें ‘राधे’ बुलाता है, तो कोई ‘टाइगर’, लेकिन सबसे लोकप्रिय नाम जो उनके साथ जुड़ा है, वो है ‘प्रेम’। सूरज बड़जात्या की फिल्मों में सलमान खान ने कई बार प्रेम का किरदार निभाया और इस नाम को एक मासूम, सादगी भरे प्रेमी के रूप में स्थापित कर दिया। लेकिन जब साल 2006 में ‘विवाह’ बनी, तो इस बार प्रेम का किरदार निभाने के लिए सलमान की जगह शाहिद कपूर को चुना गया। इस फैसले ने कई फैंस को चौंका दिया, लेकिन अब सालों बाद सूरज बड़जात्या ने खुद इसका खुलासा किया है।
‘विवाह’ में सलमान की जगह शाहिद को क्यों चुना?
सूरज बड़जात्या और सलमान खान की जोड़ी ने ‘मैंने प्यार किया’, ‘हम आपके हैं कौन’, ‘हम साथ साथ हैं’ जैसी सुपरहिट फिल्में दी हैं। हर फिल्म में सलमान ने प्रेम बनकर लोगों का दिल जीता। लेकिन जब ‘विवाह’ की बारी आई, तो डायरेक्टर ने सलमान को लेने से इनकार कर दिया।
हाल ही में एक इंटरव्यू में सूरज बड़जात्या ने बताया कि ‘विवाह’ की कहानी उन्हें उनके पिता से मिली थी। जब उन्होंने इसे बनाने का फैसला किया, तो उन्हें समझ में आ गया कि इस फिल्म में भोलापन और मासूमियत जरूरी है। उन्होंने कहा कि सलमान तब तक बड़े सुपरस्टार बन चुके थे और इस रोल में शाहिद कपूर ज्यादा फिट बैठते।
सलमान ने किया था सूरज बड़जात्या को फोन!
सूरज बड़जात्या ने एक और बड़ा खुलासा किया कि जब ‘मैं प्रेम की दीवानी हूं’ बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी, तब सलमान खान ने उन्हें फोन किया और अगले प्रोजेक्ट पर साथ काम करने की इच्छा जताई। उस वक्त सूरज के पास ‘विवाह’ की स्क्रिप्ट थी, लेकिन उन्होंने फिल्म के किरदार के साथ कोई समझौता नहीं किया और सलमान की जगह शाहिद को कास्ट किया।
क्या फिर से सलमान के साथ काम करेंगे सूरज बड़जात्या?
हालांकि, ‘विवाह’ के बाद सूरज बड़जात्या और सलमान खान ने 2015 में फिर से साथ काम किया और ‘प्रेम रतन धन पायो’ में सलमान एक बार फिर प्रेम बनकर लौटे। अब देखना होगा कि क्या ये सुपरहिट जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी!
यह भी पढ़ें:
क्या आप भी केंद्रीय बजट का लाइव प्रसारण देखना चाहते हैं? यहां जानें कैसे
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News