मध्यप्रदेश के जबलपुर में रक्षा मंत्रालय की आर्मी बेस वर्कशॉप में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां बोफोर्स तोप की रिपेयरिंग के दौरान तोप का भारी भरकम क्रैडल गिरने से एक कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में साथी कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। प्रतिरक्षा मजदूर संघ ने इस हादसे को लेकर सेना के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, उन्होंने बताया कि जिस मशीन पर चार से पांच कर्मचारियों को काम करना होता है, वहां पर दो कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि जिस कार्य के लिए क्रेन का उपयोग किया जाता है, उसे बगैर क्रेन के किया जा रहा था, क्योंकि क्रेन दूसरी जगह शिफ्ट कर दी गई थी। साथ ही उन्होंने काम के बढ़ते दबाव को भी हादसे की वजह बताया। आरोपों के बाद वर्कशॉप प्रशासन ने जांच के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया है।
ये हादसा जबलपुर की 506 बेस वर्कशॉप में हुआ, जो कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन काम करती है, और जहां भारतीय सेना के लिए इस्तेमाल में आने वाले तोप और गोला बारूद के रखरखाव और मरम्मत का काम होता है। शनिवार सुबह करीब 11 बजे के 506 आर्मी बेस वर्कशॉप में ऐश्वर्य कुमार सिन्हा (46) और उनके साथी रमेश स्वामी बोफोर्स तोप के नीचे काम कर रहे थे। इसी दौरान बोफोर्स तोप का 2 टन वजनी क्रैडल गिरने से कर्मचारी ऐश्वर्य घायल हो गए।
घटना के बारे में जानकारी लगते ही अन्य कर्मचारी घायल हालत में ऐश्वर्य को लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे और उन्हें वहां भर्ती कराया। इसी दौरान दोपहर करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई। हादसे के समय मृतक ऐश्वर्य के साथ काम कर रहे साथी कर्मचारी रमेश ने जानकारी देते हुए बताया कि ‘हम क्रैडिल पार्ट खोल रहे थे, इसी दौरान बोफोर्स तोप का 2 टन भारी भरकम क्रैडल अचानक से नीचे आ गया और नीचे काम कर रहे ऐश्वर्य इसकी चपेट में आ गए। क्रैडिल को क्रेन से उठाया जाता है लेकिन क्रेन उपलब्ध न होने की वजह से इसे हाथ से अलग कर कर्मचारी ऐश्वर्य को अस्पताल लेकर आए। हालांकि हादसे में गंभीर रूप से घायल ऐश्वर्य सिन्हा की मौत अस्पताल ले जाने के पहले ही हो चुकी थी।’
हादसे को लेकर 506 आर्मी बेस वर्कशॉप के कर्मचारियों में आक्रोश व्याप्त है, वहीं घटना के बाद आर्मी बेस वर्कशॉप प्रशासन ने जांच के निर्देश दे दिए है। इस घटना को लेकर लेबर वेलफेयर ऑफिसर के.नवीन श्रीवास्तव का कहना है कि यह जो घटना घटी है, इसकी वजह जानने के लिए पूरी जांच की जाएगी। उधर कमांडेंट साहब ने इस मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है, साथ ही दोषी के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा भी दिया है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिवार के लिए जो भी अच्छा होगा उसके लिए कदम उठाएंगे।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News