भाजपा के दो सितंबर से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान की तैयारियों की गुरुवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने समीक्षा की। निर्देश दिए कि दो सितंबर को जब दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सदस्य बनने के साथ अभियान की शुरुआत हो तो हर मंडल पर कम से कम एक हजार सदस्य बनाएं। तीन सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदस्यता लेकर प्रदेश में अभियान का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी और जनप्रतिनिधि बूथ स्तर तक प्रवास कर अभियान को गति दें। फर्जीवाड़े से परहेज करें।
प्रदेश और जिला पदाधिकारियों की पार्टी के राज्य मुख्यालय में हुई बैठक में दो टूक लहजे में समझाया कि अभियान की फर्जी रिपोर्टिंग से बचें। जिलों से क्षेत्र को अपने हिसाब से रिपोर्ट भेजी जाती है। फिर क्षेत्रीय स्तर से बिना देखे और उसे प्रदेश को भेज दिया जाता है। लोकसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा गया कि कॉल सेंटर से पूछा जाता था तो सब जगह से यही रिपोर्ट आती थी कि सारी पर्चियां बंट गईं। ऐसी फर्जी रिपोर्टिंग से बचें। सदस्यता अभियान पार्टी के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें सब जी-जान से जुटें। 11 से 17 सितंबर के बीच विशेष अभियान चलेगा। इसमें खासतौर से जनप्रतिनिधि अधिकाधिक सदस्यता कराएं। 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के मौके पर शिक्षकों को जोड़ें।
प्रतिदिन होगी मॉनीटरिंग
भाजपा ने हर बूथ पर 200 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक नये सदस्य बनाने हैं। समय कम होने के कारण पार्टी नेतृत्व चिंतित है। यही चिंता गुरुवार की बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और महामंत्री संगठन ने जताई। सभी का आह्वान किया कि पूरी ताकत से जुट जाएं। 31 अगस्त को सभी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि बूथ पर जाएं। उस दिन बूथ की कार्यशालाएं होनी हैं। दो सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अभियान की शुरुआत करेंगे। इसी के साथ सदस्यता में जुट जाएं। लांचिंग के दिन ही हर मंडल में कम से कम 1000 सदस्य बनाएं। तीन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश में औपचारिक शुभारंभ के बाद युद्धस्तर पर सदस्यता में जुटें। जिला प्रभारी हर जिले में मॉनीटरिंग टीम बनाएं। प्रवास के साथ ही नियमित मॉनीटरिंग भी करें।
जब महामंत्री से कहना पड़ा कि थोड़ा रहम करो
सदस्यता अभियान की बैठक के दौरान एक प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई पदाधिकारियों ने मिस्ड कॉल के बाद हर व्यक्ति की सारी डिटेल भरने की प्रक्रिया को बहुत लंबी बताते हुए सवाल पूछे। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी इस पर कुछ कहते इससे पहले ही एक प्रदेश महामंत्री ज्ञान की गंगा बहाने लगे। इस पर प्रदेश अध्यक्ष को उन्हें बीच में ही यह कहते हुए टोकना पड़ा कि हम पर थोड़ा रहम करो।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News