बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर बड़ा हमला किया है। दरअसल, राहुल गांधी ने गुरुवार को घोषणा की है कि वह जल्द ही ‘भारत डोजो यात्रा’ शुरू करने वाले हैं। राहुल गांधी की इस यात्रा पर हमला बोलते हुए मायावती ने कहा है कि शुक्रवार को कहा है कि यह गरीबी से जूझ रहे लोगों के साथ एक मजाक है और खेलों का राजनीतिकरण हानिकारक है।
बसपा प्रमुख मायावती ने X पर कहा कि पेट भरे लोगों के लिए दोजा व अन्य खेलकूद के महत्व से किसी को इंकार नहीं, लेकिन गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई व पिछड़ेपन आदि के त्रस्त जीवन से जूझ रहे उन करोड़ों परिवारों का क्या जो पेट पालने हेतु दिन-रात कमरतोड़ मेहनत को मजबूर हैं। ’भारत डोजो यात्रा’ क्या उनका उपहास नहीं?
मायावती ने कहा कि कांग्रेस एवं इनके इण्डी गठबंधन ने आरक्षण व संविधान बचाने के नाम पर एससी, एसटी व ओबीसी का वोट लेकर अपनी ताकत तो बढ़ा ली, किन्तु अपना वक्त निकल जाने पर उनके भूख व तड़प को भुलाकर उनके प्रति यह क्रूर रवैया अपनाना क्या उचित? खेल का राजनीतिकरण हानिकारक जो अब और नहीं।
मायावती ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकारें देश के करोड़ों गरीबों व मेहनतकश लोगों को सही व सम्मानपूर्वक रोटी-रोजी की व्यवस्था कर पाने में अपनी विफलता पर पर्दा डालने के लिए उनसे भूखे पेट भजन कराते रहना चाहती है, किन्तु विपक्षी कांग्रेस का भी वैसा ही जनविरोधी रवैया जनता को कैसे गवारा संभव है?
दरअसल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को अपने X हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया था जो इस साल की शुरुआत में निकाली गई भारत जोड़ो न्याय यात्रा के समय की है। वीडियो में वह कई बच्चों के साथ मार्शल आर्ट की बारीकियां साझा करते नजर आ रहे हैं। राहुल गांधी ने इस वीडियो के साथ लिखा है कि जल्द ही भारत डोजो यात्रा शुरू होने जा रही है।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News