भारत में बीते 24 घंटे के दौरान कोविड-19 के 121 नये मामले सामने आए हैं। इसी के साथ कोरोना वायरस से संक्रमित उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 856 हो गयी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी सुबह आठ बजे तक के अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण से एक मरीज की मौत हुई है।
पिछले साल पांच दिसंबर तक कोविड-19 के दैनिक मामलों की संख्या दोहरे अंकों तक सिमट गई थी, लेकिन कोरोना वायरस के नए स्वरूप और ठंड की वजह से संक्रमण के मामलों में वृद्धि दर्ज की गई।
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि पांच दिसंबर के बाद एक दिन में सर्वाधिक 841 मामले 31 दिसंबर को सामने आए थे।
एक अधिकारिक सूत्र ने कहा, ”वर्तमान में उपलब्ध आंकड़ों से पता चलता है कि ‘जेएन-1’ स्वरूप की वजह से न तो नये मामलों में तेज वृद्धि हुई है और न ही अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।”
कुल उपचाराधीन मरीजों में से 92 प्रतिशत मरीजों का इलाज घर पर ही चल रहा है।
देश में कोरोना वायरस के डेल्टा स्वरूप के कारण अप्रैल-जून 2021 में महामारी की स्थिति भयावह हो गई थी और उस दौरान सात मई 2021 को देश में एक दिन में संक्रमण के सबसे अधिक 4,14,188 नए मामले सामने आए थे और कोविड-19 संक्रमण से 3,915 लोगों की मौत हुई थी।
देशभर में 2020 की शुरुआत से अब तक लगभग चार वर्ष में कोविड-19 से साढ़े चार करोड़ से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं तथा इनसे 5.30 लाख से अधिक लोगों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट के अनुसार अब तक कोरोना वायरस संक्रमण से उबरने वाले लोगों की संख्या 4.40 करोड़ से अधिक है और इस संक्रमण से ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.81 प्रतिशत है।
मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अब तक टीके की कुल 220.67 करोड़ से अधिक खुराकें लोगों को दी जा चुकी हैं।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News