पाकिस्तान के शीर्ष भाला फेंक खिलाड़ी अरशद नदीम घुटने की सर्जरी कराने के लिए इंग्लैंड रवाना हो गये। उनका लक्ष्य पेरिस ओलंपिक से पहले फिटनेस हासिल करने का है।
राष्ट्रमंडल खेलों (2022) में स्वर्ण पदक जीतने वाले नदीम को अपने घुटने की समस्या के कारण पिछले साल चीन में हांगझोउ एशियाई खेलों से हटना पड़ा था।
नदीम ने कहा, ‘‘मैंने अब घुटने की सर्जरी कराने का फैसला किया है क्योंकि मुझे पिछले साल से बहुत परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मैंने ‘रिहैबिलिटेशन’ की मदद ली लेकिन यह कारगर नहीं रहा।”
इस 27 साल के खिलाड़ी को उम्मीद है कि सर्जरी के बाद वह पेरिस ओलंपिक खेलों के लिए समय पर फिट हो सकेंगे।
नदीम ने 2022 में बर्मिंघम में 90.18 के थ्रो के साथ राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने इसके बाद देश में क्रिकेटरों की तरह सुर्खियां और लोकप्रियता हासिल की है।
वह पिछले साल विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक के साथ पाकिस्तान के लिए पदक जीतने वाले पहले खिलाड़ी है। इस स्पर्धा में वह नीरज चोपड़ा से पीछे रह गए थे।
तोक्यो ओलंपिक खेलों में अरशद 86.1 सर्वश्रेष्ठ प्रयास के साथ पांचवें स्थान पर रहे थे।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News