मुंबई पुलिस ने भगवान राम को मांसाहारी बताने वाली टिप्पणी को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के विधायक जितेंद्र आव्हाड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार देर रात उपनगर अंधेरी के एमआईडीसी थाने में विधायक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी।
उनके खिलाफ शुक्रवार को पुणे शहर में भी ऐसा ही एक मामला दर्ज किया गया।
राकांपा के शरद पवार गुट का हिस्सा आव्हाड ठाणे जिले में मुंब्रा-कलवा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ”विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पदाधिकारी गौतम रावरिया की शिकायत पर मुंबई में आव्हाड के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा कि उन्होंने एक समाचार चैनल पर आव्हाड को भगवान राम के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए सुना।”
उन्होंने बताया कि आव्हाड के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 ए (किसी भी धर्म या धार्मिक आस्था का अपमान कर किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाएं आहत करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आव्हाड ने यह कहकर तीन दिन पहले विवाद खड़ा कर दिया था कि भगवान राम मांसाहारी थे।
शिरडी में बुधवार को राकांपा के एक कार्यक्रम में आव्हाड ने कहा था, “वह (भगवान राम) शिकार करके खाया करते थे। वह हमारे, बहुजनों के थे। आप (भाजपा) हमें शाकाहारी बना रहे हो, (लेकिन) हम राम के उदाहरण को मान रहे हैं और मटन खा रहे हैं।”
‘बहुजन’ शब्द का उपयोग महाराष्ट्र में पारंपरिक तौर पर हिंदू समाज के गैर-ब्राह्मण वर्गों के लिए किया जाता है।
विधायक आव्हाड ने बाद में कहा कि यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह खेद व्यक्त करते हैं।
पुलिस ने बताया कि पुणे में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के प्रमुख धीरज घाटे की शिकायत पर आव्हाड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News