भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता रमन सिंह ने रविवार को छत्तीसगढ़ में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों की होने वाली बैठक से पहले कहा कि भाजपा की नई सरकार में एक उप मुख्यमंत्री हो सकता है।
छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए हाल में संपन्न चुनाव में भाजपा ने 54 सीट पर जीत दर्ज की है और भूपेश बघेल नीत कांग्रेस सरकार को अपदस्थ कर दिया है। कांग्रेस ने 35 सीट पर जीत दर्ज की है जबकि 2018 में उसे 68 सीट पर सफलता मिली थी।
भाजपा विधायक दल की रायपुर स्थित पार्टी मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बैठक चल रही है जिसमें सभी 54 विधायक हिस्सा ले रहे हैं।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से भेजे गए तीन पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और सर्बानंद सोनोवाल और पार्टी महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम भी बैठक में शामिल हो रहे हैं। इनके अलावा पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी ओम माथुर, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और राज्य के सह प्रभारी नितिन नबीन भी बैठक में मौजूद हैं।
अपने आवास से बैठक के लिए जाने से पहले संवाददाताओं से बातचीत में रमन सिंह ने कहा कि विधायक दल की बैठक के बाद स्पष्ट हो जाएगा कि कौन मुख्यमंत्री होगा। हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या आज ही मुख्यमंत्री की घोषणा की दी जाएगी तो उन्होंने कहा, ”सबकुछ बैठक के बाद स्पष्ट हो जाएगा।” सिंह ने कहा, ”उप मुख्यमंत्री की भी नियुक्ति की जा सकती है।”
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News