पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शनिवार को दौसा पहुंचीं। कलेक्ट्रेट चौराहे पर उनका कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से जिले का राजनीतिक फीडबैक लिया। पूर्व जिला अध्यक्ष सत्यनारायण शाहरा ने जिले की पांचों सीट भाजपा के खाते में आने के प्रति राजे को आश्वस्त किया। पूर्व मंत्री रामकिशोर मीणा, लोकेश शर्मा, महेंद्र तिवारी, शहर अध्यक्ष विपिन जैन, आलोक जैन, मुरारी धौंकरिया, तेज सिंह राजावत आदि कार्यकर्ताओं ने माला व दुपट्टा पहनकर राजे का स्वागत किया। वसुंधरा राजे का मेहंदीपुर बालाजी दरबार में हाजिरी लगाने का कार्यक्रम है।
बालाजी जाते समय कलेक्ट्रेट चौराहे पर कुछ देर वे ठहरीं। राजे के दौसा आगमन के साथ ही राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि पूर्वी राजस्थान में गत चुनाव के दौरान भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया था। राजे इस बार बहुमत के प्रति आश्वस्त दिखाई दीं और पूर्वी राजस्थान के प्रत्याशियों को साधने के लिए उनका यह कार्यक्रम बताया जा रहा है। हालांकि जाहिर तौर पर बालाजी दर्शन का कार्यक्रम है।
लेकिन पूर्वी राजस्थान में विजेता प्रत्याशियों के साथ ही पार्टी के बागी व निर्दलीयों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है। इसी परिप्रेक्ष्य में राजे के आगमन को देखा जा रहा है। भाजपा का प्रदेश में बहुमत आने की संभावनाएं एग्जिट पोल में भी जताई गई हैं। लेकिन सरकार बनाने में मददगार व निर्णायक बागियों को साधने की कोशिश दोनों ही पार्टी के नेता कर रहे हैं। इसमें भाजपा की ओर से हालांकि सीएम का कोई फेस सामने नहीं किया गया। लेकिन राजे को मुख्यमंत्री के प्रबल दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे में उनका पूर्वी राजस्थान का दौरा मायने रखता है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News