पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी विधायक केंद्र सरकार पर राज्य के प्रति भेदभाव का रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए 29 नवंबर को डॉ बी आर आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष राष्ट्रगान गा रहे थे।
तृणमूल कांग्रेस का आरोप है कि महज 50 मीटर दूर प्रदर्शन कर रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे और घंटे बजा रहे थे।
हालांकि, भाजपा ने कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस विधायक राष्ट्रगान गा भी रहे होंगे तो बहुत कम आवाज में गा रहे होंगे, जो प्रदर्शन स्थल से नहीं सुनाई दिया। उसने आरोप लगाया कि सुनियोजित तरीके से फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
वरिष्ठ मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रगान के प्रति उचित सम्मान नहीं दिखाया और उचित कार्रवाई की जा रही है।
विधानसभा अध्यक्ष बिमान बंदोपाध्याय ने भी कहा कि उचित कदम उठाए जाएंगे।
विधानसभा सचिवालय के एक सूत्र ने कहा कि संबंधित थाने में 11 भाजपा विधायकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
सूत्र ने कहा कि कथित घटना का वीडियो फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है।
इस बारे में जब भाजपा के वरिष्ठ नेता और सिलीगुड़ी से विधायक शंकर घोष से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें पता नहीं चल पाया था कि राष्ट्रगान गाया जा रहा है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News