गोवा सरकार के एक मंत्री ने कहा है कि राज्य स्टार्टअप शुरू करने के लिए अनुकूल स्थान बनने की ओर अग्रसर है और राज्य सरकार स्टार्टअप को सहायता प्रदान करने के लिए कई पहल शुरू करेगी।
गोवा के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रोहन खुंटे ने तीन दिवसीय ‘टेक मीडिया स्टार्टअप 2023’ कार्यक्रम के बृहस्पतिवार को समापन समारोह में कहा कि सरकार का उद्देश्य स्टार्टअप के लिए राज्य को एशिया में एक प्रमुख स्थल के रूप में स्थापित करना है।
उन्होंने कहा, ‘‘गोवा अपनी जीवंत भावना के साथ स्टार्टअप शुरू करने के लिए एक अनुकूल स्थान बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। हम व्यापार वृद्धि को और अधिक गति देने तथा स्टार्टअप को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए आगामी महीनों में कई पहल शुरू करेंगे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में गोवा को स्टार्टअप के लिए एशिया के एक प्रमुख स्थल के रूप में स्थापित करने का लक्ष्य है… राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत और उद्यमशीलता की तेजी से बढ़ती भावना का अनूठा मेल स्टार्टअप और सूचना प्रौद्योगिकी के मेल के लिए मंच तैयार करता है।’’
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के लिए उद्योग जगत के अनुभव के महत्व को ध्यान में रखते हुए विभिन्न क्षेत्रों के प्रमुख दिग्गजों के साथ रणनीतिक साझेदारी कर रही है ताकि शिक्षा एवं उद्योग जगत के बीच एक पुल स्थापित किया जा सके।
उन्होंने कहा, ‘‘यह सहयोगात्मक प्रयास प्रशिक्षण और रोजगार की सुविधा प्रदान करेगा। इससे हमारे छात्रों को भावी चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।’’
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News