कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने मध्यप्रदेश के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए बीएचईएल को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर बयान दिया था।
इस बयान को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की थी। चुनाव आयोग ने प्रियंका गांधी को कारण बताओ नोटिस भेजा है। जवाब देने के लिए प्रियंका को गुरुवार 16 नवंबर रात आठ बजे तक का समय दिया गया है।
चुनाव आयोग ने प्रियंका गांधी को भेजे नोटिस में कहा है आयोग को 10 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी से शिकायत प्राप्त हुई है जिसमें यह आरोप लगाया गया है कि मध्यप्रदेश के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक रैली को संबोधित करते हुए आपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में असत्यापित और गलत बयानबाजी की है। जो जनता को गुमराह करने और प्रधानमंत्री की छवि खराब करने की क्षमता रखती है।
चुनाव आयोग के नोटिस के मुताबिक भाषण के वीडियो और मध्यप्रदेश के सीबीओ के माध्यम से प्राप्त ट्रांसक्रिप्ट के अनुसार प्रियंका गांधी ने कहा था, मोदी जी जो यह बीएचईएल था जिससे हमें रोजगार मिलते थे जिससे देश आगे बढ़ रहा था। इसका आपने क्या किया, किसको दे दिया, बताएं मोदी जी किसको दे दिया, अपने बड़े-बड़े उद्योगपति मित्रों को क्यों दे दिया। इसी बयान का जवाब कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी को देना है।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News