आईपीएस अफसर मनोज कुमार शर्मा के संघर्षों की कहानी बताती फिल्म 12वीं फेल को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिल रहा है।इसमें विक्रांत मैसी मुख्य भूमिका हैं, जिन्होंने अपनी दमदार अदाकारी से एक बार फिर साबित कर दिखाया कि वह वाकई में भारतीय सिनेमा के शानदार अभिनेताओं में शुमार हैं।
12वीं फेल को सिनेमाघरों में रिलीज का यह दूसरा सप्ताह चल रहा है और फिल्म का शानदार प्रदर्शन जारी है।रविवार को फिल्म ने टिकट खिड़की पर अच्छा कारोबार किया।अब 12वीं फेल की कमाई के 10वें दिन के आंकड़े सामने आ चुके हैं।शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रविवार को 3.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन 21.72 करोड़ रुपये हो गया है।
12वीं फेल अनुराग पाठक के इसी नाम से आए लोकप्रिय उपन्यास पर आधारित है। इसमें मेधा शंकर, हरीश खन्ना, प्रियांशु चटर्जी, संजय बिश्नोई और सुकुमार टुडू भी हैं।फिल्म का निर्देशन विधु विनोद चोपड़ा ने किया है।आने वाले दिनों में विक्रांत एक से बढ़कर एक फिल्मों में अपनी मौजूदगी दर्ज करवाएंगे।12वीं फेल के बाद वह यार जिगरी में नजर आएंगे।
इसके अलावा विक्रांत फिल्म सेक्टर 36 का हिस्सा हैं।फिर आई हसीन दिलरूबा भी विक्रांत के खाते से जुड़ी है, जिसकी शूटिंग फिलहाल चालू है।यह फिल्म 2021 में आई फिल्म हसीन दिलरुबा का सीक्वल है। इसमें उनकी जोड़ी तापसी पन्नू के साथ बनी है। सनी कौशल भी फिल्म का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News