फिल्म ‘डॉन-3’ की घोषणा के बाद हर कोई काफी उत्साहित था, लेकिन फैंस की ये उत्सुकता एक पल में गुस्से में बदल गई जब ये साफ हो गया कि लीड रोल के लिए रणवीर सिंह को लिया गया है।
इस रोल के लिए रणवीर की पसंद से दर्शक बिल्कुल भी संतुष्ट नहीं हैं और उन्होंने इसकी आलोचना की है। अब एक नई अपडेट सामने आ रही है कि इस फिल्म से प्रियंका चोपड़ा जुड़ेंगी।
मीडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म ‘जी ले जरा’ की कास्ट अभी फाइनल नहीं हुई है, ऐसे में फरहान अख्तर पहले ‘डॉन-3’ पर फोकस करेंगे। फरहान जल्द ही प्रियंका चोपड़ा और रणवीर सिंह के साथ ‘डॉन-3’ की शूटिंग शुरू करेंगे। प्रियंका ने हाल ही में फरहान अख्तर से मुलाकात करके ‘डॉन-3’ के बारे में कुछ बातें कीं।
डॉन के पिछले दोनों संस्करणों में प्रियंका रोमा के किरदार में नजर आई थीं। इससे पहले ‘डॉन-3’ के लिए कृति सेनन और कियारा अडवाणी को भी लिया गया था, लेकिन जब दोनों ने इस ऑफर को ठुकरा दिया तो आखिरकार फरहान ने प्रियंका को लेने का फैसला किया। हालांकि, अभी तक इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन यह तय है कि प्रियंका इस फिल्म में नजर आएंगी।
प्रियंका चोपड़ा इससे पहले रणवीर सिंह के साथ गुंडे, बाजीराव मस्तानी और दिल धड़कने दो में काम कर चुकी हैं। दोनों के काम की बात करें, तो रणवीर सिंह फिलहाल ‘सिंघम अगेन’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। प्रियंका चोपड़ा अपने कुछ इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स पूरे करके ‘डॉन-3’ के लिए समय निकाल सकती हैं। प्रियंका ‘सिटाडेल-2’ में भी नजर आएंगी।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News