प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज मध्यप्रदेश के सतना जिले में चित्रकूट की यात्रा पर रहेंगे। वे यहां श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट में आयोजित किए जाने वाले कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री मोदी विशेष विमान से खजुराहो आएंगे, जहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा दिन में लगभग एक बजकर 45 मिनट पर चित्रकूट के हेलीपेड पर पहुंचेंगे, जहां राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उनकी अगवानी करेंगे।
श्री मोदी श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट में आयोजित किए जाने वाले कई कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद रघुबीर मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे। इसके अलावा वे श्री राम संस्कृत महाविद्यालय जाएंगे। वे स्वर्गीय श्री अरविंद भाई मफतलाल की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और जानकीकुंड चिकित्सालय की नई शाखा या प्रकोष्ठ का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री अपने चित्रकूट दौरे के दौरान तुलसी पीठ भी जाएंगे। श्री मोदी अपराह्न लगभग 3:15 बजे कांच मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन करेंगे।
श्री मोदी तुलसी पीठ के जगद्गुरु रामानंदाचार्य का आशीर्वाद लेंगे और एक सार्वजनिक समारोह में भाग लेंगे, जहां वह तीन पुस्तकों यथा ‘अष्टाध्यायी भाष्य’, ‘रामानंदाचार्य चरितम’ और ‘भगवान श्री कृष्ण की राष्ट्रलीला’ का विमोचन करेंगे। श्री मोदी चित्रकूट में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद हेलीकॉप्टर से वापस खजुराहो पहुंचेंगे और फिर विशेष विमान से मध्यप्रदेश से अगले गंतव्य की ओर रवाना हो जाएंगे।
– एजेंसी
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News