फिल्म मेकर करण जौहर का नाम विवादों में छाया रहता है. कई सेलेब्स उन पर नेपोटिज्म और अन्य सेलेब्स का करियर खराब करने का आरोप लगाते रहते हैं. हाल ही में, करण का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा का करियर बर्बाद करने की बात करते हुए नजर आए थे. इसके बाद उन पर कई लोगों का गुस्सा फूटा. अब करण ने एक पोस्ट के जरिए इस पर जवाब दिया है.
करण जौहर ने इल्जाम लगाने वालों के लिए इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक नोट लिखते हुए कहा, “लगा लो इल्जाम, हम झुकने वालों में से नहीं हैं. झूठ का बन जाओ गुलाम… हम बोलने वालों में से नहीं हैं… जितना नीचा दिखाओगे… जितना आरोप लगाओगे… हम गिरने वालों में से नहीं हैं… हमारे करम हमारी विजय है… आप उठा लो तलवार… हम मरने वालों में से नहीं हैं.”
भले ही करण जौहर ने इस पोस्ट के साथ किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन ये पोस्ट उन पर लग रहे आरोपों की ओर इशारा कर रहा है. बता दें कि करण जौहर पर कंगना रनौत से लेकर विवेक अग्निहोत्री तक कई बॉलीवुड सेलेब्स निशाना साध चुके हैं.
यहां तक कि बीते दिनों जब प्रियंका चोपड़ा ने खुलासा किया था कि उन्हें इंडस्ट्री से साइडलाइन किया जा रहा था, तब भी करण पर ही आरोप लग रहे थे. कंगना ने कहा था कि करण ने ही प्रियंका को पहले बैन किया था. करण जौहर अक्सर ऐसे विवादों में चुप रहते हैं, लेकिन इस बार उन्होंने एक शायरी के जरिए इस पर चुप्पी तोड़ी है.
करण जौहर हिंदी सिनेमा के सबसे पॉपुलर प्रोड्यूसर्स में से एक हैं. जल्द ही उनकी फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ रिलीज होने वाली है, जिसमें रणवीर सिंह और आलिया भट्ट लीड रोल में हैं.
यह भी पढे –
थायरॉइड सेहत के साथ साथ आंखों पर भी बुरा असर डाल सकता है,जानिए कैसे
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News