बांसवाड़ा (एजेंसी/वार्ता): राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा है कि आदिवासी भाई-बहनों के सम्मान, समृद्धि और खुशहाली के लिये भाजपा की सरकार 2023 में संकल्पित होकर काम करेगी। डा पूनियां आज आदिवासी बहुल कुशलगढ़ और बांसवाड़ा जिला मुख्यालय पर जन आक्रोश सभाओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बांसवाड़ा में जन आक्रोश सभा को संबोधित करते हुये कहा कि, वह तीन दिन से वागड़ क्षेत्र में जनजाति भाई-बहनों से संवाद कर रहे है। उनकी समस्यों का हम भाजपा की सरकार बनने पर समाधान करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस तरह यहां के लोगों में कांग्रेस सरकार के प्रति आक्रोश दिख रहा है, उससे तय है कि 2023 में कांग्रेस की विदाई होगी और पूरे शान से भाजपा का सूरज उदय होगा। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के उत्थान का काम पहली बार भाजपा की सरकार में भैरोंसिंह शेखावत ने किया और पूरे देश में आदिवासियों की उन्नति और बुनियादी सुविधाओं के साथ मुख्यधारा में लाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, प्रदेश उपाध्यक्ष हेमराज मीणा, एसटी मोर्चा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य ,हकरू भाई मइडा, जिला अध्यक्ष गोविंद सिंह राव, विधायक कैलाश मीणा, पूर्व संसदीय सचिव भीमा भाई, पूर्व मंत्री भवानी जोशी, धनसिंह रावत, एसटी मोर्चा प्रदेश मंत्री धमेन्द्र, जिला प्रभारी दिनेश भट्ट, प्रधान कानहिंग रावत, प्रधान बलवीर रावत, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष दीपसिंह वसूनिया इत्यादि उपस्थित रहे।
-एजेंसी/वार्ता
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News