पेरिस (एजेंसी/वार्ता): फ्रांस के अनुभवी स्ट्राइकर करीम बेंजेमा ने फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल में अपनी टीम की हार के एक दिन बाद सोमवार को अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास लेने की घोषणा की। बेंज़ेमा ने ट्वीट किया, “ मैं आज जहां हूं, वहां पहुंचने के लिये मैंने कोशिशें और गलतियां की, जिन पर मुझे गर्व है। मैंने अपनी कहानी लिखी है, जो आज समाप्त हो रही है।”
विश्व कप 2018 की चैंपियन फ्रांस को रोमांचक फाइनल में अर्जेंटीना के हाथों 3-3 (शूटआउट 4-2) से हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद बेंजेमा ने अपने 36वें जन्मदिन पर संन्यास की घोषणा की। बैलन डीओर पुरस्कार के गत विजेता बेंजेमा कतर में फ्रांस की विश्व कप टीम का हिस्सा थे लेकिन मांसपेशी की चोट के कारण वह स्क्वाड से बाहर हो गये। साल 2007 में फ्रांस के लिये पदार्पण करने वाले बेंजेमा 97 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 37 गोल कर चुके हैं।
नवंबर 2015 में फ्रांसीसी फुटबॉल को झकझोर देने वाले सेक्स-टेप मामले में ब्लैकमेल में शामिल पाये जाने के कारण बेंजेमा राष्ट्रीय टीम से पांच साल के लिये दूर हो गये थे। वर्सेलिस कोर्ट ने बेंजेमा को टीम के साथ मैथ्यू वॉलबुएना को ब्लैकमेल करने का आरोपी घोषित करते हुए उन्हें एक साल के निलंबित कारावास की सजा सुनाई और उन पर 75,000 यूरो का जुर्माना भी लगाया।
बेंजेमा को हर्जाने के रूप में वाल्बुएना को 80,000 यूरो का भुगतान करने का भी आदेश दिया गया था। फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने 2021 में यूरोपीय चैंपियनशिप से पहले बेंजेमा को टीम में तलब किया जहां उन्होंने राउंड-ऑफ-16 में टीम के बाहर होने से पहले चार गोल किये थे।
-एजेंसी/वार्ता
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News