न्यूयार्क (एजेंसी/वार्ता): संयुक्त राष्ट्र (संरा) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने माली में संरा मिशन के एक पुलिस गश्ती दल पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है जिसमें दो नाइजीरियाई शांति सैनिकों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने शुक्रवार को एक बयान के माध्यम से शोक संतप्त परिवारों के साथ-साथ संघीय गणराज्य नाइजीरिया की सरकार और लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
गुटेरेस ने कहा कि संरा के शांति सैनिकों को लक्षित करने वाले हमले अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत युद्ध अपराध हो सकते हैं। उन्होंने माली के अधिकारियों का आह्वान किया कि वे इन जघन्य हमलों के अपराधियों की पहचान करने और उन्हें न्याय के कठघरे में लाने में कोई कसर न छोड़ें।
संरा मिशन प्रमुख अल-घासिम वेन के अनुसार टिम्बकटू शहर के पास गश्ती के दौरान एक अज्ञात बंदूकधारी ने माली में संयुक्त राष्ट्र बहुआयामी एकीकृत स्थिरीकरण मिशन (मिनुस्मा) से एक महिला सहित दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। माली 2012 से सशस्त्र विद्रोह से जूझ रहा है। विद्रोह के दौरान हजारों लोग मारे गए हैं और बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से भाग गए हैं।
वर्ष 2012 के तुआरेग विद्रोह के बाद देश को स्थिर करने के लिए सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2100 द्वारा 25 अप्रैल 2013 को मिनुस्मा की स्थापना की गई थी। यह संयुक्त राष्ट्र का सबसे खतरनाक शांति मिशन बन गया है, जिसमें अब तक लगभग 15,200 के बल से 200 से अधिक शांति सैनिक मारे गए हैं।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: संयुक्त राष्ट्र ने विलुप्त होने के कगार पर पहुंची भाषाओं को बचाने की शुरू की पहल
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News