श्रीनगर (एजेंसी/वार्ता): केन्द्रशासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के कश्मीर घाटी में शुष्क मौसम के बीच हाड कंपाने वाली ठंड का प्रकोप जारी है जिससे लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार घाटी का पर्यटन स्थल पहलगाम सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जहां बीती रात इस मौसम की सबसे ठंडी रात थी जब न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घाटी के प्रमुख पर्यटन स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.0 रिकॉर्ड किया गया, जहां बीती रात का तापमान शून्य से नीचे 4.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
सीमावर्ती जिले कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा काजीगुंड, जिसे गेटवे ऑफ कश्मीर के रूप में जाना जाता है, में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि लेह जिले में शून्य से नीचे 10.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 21 दिसंबर तक घाटी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। उन्होंने कहा कि इस दौरान घाटी में शाम के तापमान में गिरावट आ सकती है, जबकि दिन के तापमान में बढ़ोतरी की उम्मीद है। इस बीच, घाटी में आज भी मौसम शुष्क रहा और हल्की धूप निकली, जिससे लोग पार्कों, दुकानों आदि स्थानों पर आनंद लेते दिखे।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: न्याय योजना का लाभ मिलने से किसानों मजदूरों को मिली बड़ी राहत- भूपेश
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News