लीमा (एजेंसी/वार्ता): पेरू के विभिन्न क्षेत्रों में हिंसक विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर 30 दिन के लिए राष्ट्रव्यापी आपातकाल लागू कर दिया गया है। रक्षा मंत्री अल्बर्टो ओटारोला ने कहा, “हम तोड़फोड़, हिंसा, राजमार्गों और सड़कों को जाम करने के मद्देनजर पूरे देश में आपातकाल की स्थिति घोषित करने पर सहमत हुए हैं।”
उन्होंने मंत्रिपरिषद की बैठक के बाद बुधवार को कहा कि यह राष्ट्रीय पुलिस और सशस्त्र बलों को अराजक तत्वों और हिंसक प्रदर्शनों को नियंत्रित करने के लिए लगाया गया है। उन्होंने कहा कि हिंसक विरोध के कारण देश के दक्षिण में सात लोग मारे गए हैं।
इसे रोकने के लिए सरकार से एक सशक्त और आधिकारिक प्रतिक्रिया की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आपातकाल की स्थिति अन्य संवैधानिक गारंटियों के बीच प्रदर्शन के अधिकार और आंदोलन की स्वतंत्रता को अस्थायी तौर पर निलंबित किया गया है।
उल्लेखनीय है कि पेरू में पूर्व राष्ट्रपति पेड्रो कैस्टिलो को 07 दिसंबर को हिरासत में लिए जाने के कारण देश में राजनीतिक अशांति फैल गयी है। प्रदर्शनकारी समय से पहले चुनाव और श्री कैस्टिलो को रिहा करने की मांग कर रहे हैं।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: श्रमिकों को चिकित्सा सुविधाएं सरलता से उपलब्ध कराने पर ध्यान: भूपेंद्र यादव
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News