स्टॉकहोम (एजेंसी/वार्ता): स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम में शनिवार को नोबेल पुरस्कार समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान इस वर्ष के पुरस्कार विजेताओं ने कॉन्सर्ट हॉल में अपने पुरस्कार प्राप्त किए। इस वर्ष के पुरस्कार विजेताओं में सर्वश्री एलेन एस्पेक्ट, जॉन एफ क्लॉज़र और एंटोन ज़िलिंगर (भौतिकी), कैरोलिन आर बर्टोज़ज़ी, के बैरी शार्पलेस और मोर्टन मेल्डल (रसायन विज्ञान), स्वांते पाबो (फिजियोलॉजी या मेडिसिन), एनी अर्नाक्स (साहित्य) और बेन एस बर्नानके, डगलस डब्ल्यू डायमंड और फिलिप एच डायबविग (अर्थशास्त्र) शामिल हैं।
पुरस्कार विजेताओं को संबोधित करते हुए नोबेल फाउंडेशन के बोर्ड के अध्यक्ष कार्ल-हेनरिक हेल्डिन ने कहा कि दुनिया एक ऐसे समय में है, जब नाटकीय ऊर्जा और खाद्य संकट, घोर भेदभाव, सामाजिक तथा आर्थिक असमानता एवं तेजी से बढ़ रहे जलवायु परिवर्तन के तत्काल समाधान की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा,“संकटों और चुनौतियों की इस भीड़ का सामना करने के लिए दुनिया को समर्पित वैज्ञानिकों की जरूरत है, जो लगातार सच्चाई की तलाश करते हैं तथा हमारे ज्ञान की सीमाओं को आगे बढ़ाते हैं।” उल्लेखनीय है कि गत दो वर्ष कोविड-19 महामारी के कारण समारोह का आयोजन ऑनलाइन किया गया था। इस वर्ष के समारोह में वर्ष 2020 और 2021 के पुरस्कार विजेताओं ने भी भाग लिया।
वर्ष 1901 से प्रतिवर्ष नोबेल पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। विजेताओं की घोषणा प्रत्येक वर्ष अक्टूबर में की जाती है।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: ईरान ने की ऑस्ट्रेलिया के पाबंदियों की निंदा
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News