नयी दिल्ली (एजेंसी/वार्ता): कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने हिमाचल प्रदेश विधान सभा में पार्टी को मिले बहुमत पर प्रदेश की जनता का आभार जताते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि विधानसभा प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पर जो भरोसा जताया है उसके अनुरूप उनकी पार्टी की सरकार काम करेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद दिया कि उनकी मेहनत की वजह से ही यह जीत संभव हो पाई है।
गांधी ने ट्वीट किया “हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई। आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है। फिर से आश्वस्त करता हूं, जनता को किया हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे।”
खडगे ने कहा “मेरे अध्यक्ष बनने के तुरंत बाद हिमाचल के लोगों को पार्टी को जीत दिलाने के लिए धन्यवाद। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद क्योंकि उनके कारण यह परिणाम आया है और मैं उनका धन्यवाद करता हूं। पार्टी नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का भी इस पर असर रहा है। इस जीत से मैं खुश हूं और आगे इस दिशा में काम करते रहेंगे।”
उन्होंने आगे कहा “जो चुनाव हारे हैं उसे स्वीकार करेंगे और चुनाव में जो जीते हैं उनको बधाई देंगे। हमको जो काम आगे करने हैं उसे करते रहेंगे। लोकतंत्र में एक बार की हार या जीत स्थायी नहीं होती है। लोकतंत्र में हार जीत होती रहती है लेकिन यह वसूलों की लड़ाई है। यह हमारी वैचारिक लड़ाई है जो हम लड़ते रहेंगे। इस लड़ाई में जो कुछ कमियां हैं उसे ठीक करेंगे।”
श्रीमती वाड्रा ने कहा “भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को जनादेश देने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता का दिल से धन्यवाद और अभिवादन। ये जीत हिमाचल की जनता के मुद्दों एवं उन्नति के संकल्प की जीत है। कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को भी ढेर सारी शुभकामनाएं। आपकी मेहनत रंग लाई।”
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: राजस्व का दायरा बढ़ाते हुए कर चोरी रोकने पर फोकस हो: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News