इंदौर/भोपाल (एजेंसी/वार्ता): इंदौर के एक कॉलेज से जुड़े विवाद के कारण चर्चा में आयीं लेखिका फरहत खान को इंदौर पुलिस ने पुणे में गिरफ्तार कर लिया। पुणे के एक अस्पताल में उनकी डायलसिस चल रही है और वे किडनी संबंधी रोग से पीड़ित हैं। इंदौर पुलिस के अनुसार लेखिका खान को पुलिस इसी माह यहां दर्ज एक मामले में खोज रही थी। उनके पुणे में होने की सूचना मिली।
पुलिस लेखिका के पास अस्पताल में ही पहुंची और उन्हें गिरफ्तार कर जमानत प्रदान कर दी गयी। फिलहाल उनका किडनी का इलाज चल रहा है। इस बीच राज्य के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने आज भोपाल में मीडिया से चर्चा में कहा कि विवादास्पद लेखिका फरहत खान को पुणे में गिरफ्तार किया गया है। वे अस्पताल में डायलसिस करा रही थीं। वहां उनकाे गिरफ्तार करने के बाद उन्हें मामले से संबंधित पेपर सौंपे गए।
मिश्रा ने कहा कि उनकी दूसरी किताब के मामले में भी जांच की जा रही है। यदि इस किताब में भी आपत्तिजनक बातें पायी गयीं, तो इसमें भी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। दरअसल इंदौर के एक शासकीय विधि महाविद्यालय के पुस्तकालय में लेखिका फरहत खान की अपराध से संबंधित विषयवस्तु पर आधारित पुस्तक मौजूद है, जिसका अध्ययन महाविद्यालय की ओर से कराया जा रहा है।
इस बात की जानकारी लगने पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने हाल में विरोध प्रदर्शन करते हुए यहां पुलिस के समक्ष प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने लेखिका के अलावा प्रकाशक, कॉलेज के प्राचार्य और एक प्राध्यापक के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया है।
लेखिका की गिरफ्तारी की गयी है और शेष आरोपी जमानत के सिलसिले में न्यायालयीन कार्रवाई कर रहे हैं। किताब का विरोध करने वाले संगठन के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि इसमें कतिपय समुदाय और संस्थाओं के बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी हुयी हैं।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: चीन ने कोरोना से संबंधित प्रतिबंधों में दी ढील, देश भर में बड़े पैमाने पर हुआ था विरोध
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News