देहरादून (एजेंसी/वार्ता) उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को महिला आरक्षण विधेयक पास होने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद करते हुए पार्टी मुख्यालय में जश्न मनाया इस दौरान आभासी तरीके से महिलाओं को संबोधित करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल ने कहा कि यह ऐतिहासिक फैसला महिलाओं के सशक्तिकरण तथा संवर्द्धन में मील का पत्थर साबित होगा।
उन्होंने विधेयक पास होने पर खुशी जताते हुए कहा कि इस निर्णय से प्रदेश की मातृ शक्ति का विश्वास पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार और पार्टी के प्रति बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार “सशक्त महिला-समर्थ समाज” की भावना को आत्मसात करते हुए महिला हितों के लिए हमेशा संवेदनशील तथा क्रियाशील रही है।
अब इस महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का लाभ मिलेगा, जो उनको आर्थिक तथा सामाजिक रुप से और अधिक सशक्त बनाने वाला साबित होगा। श्रीमती नौटियाल ने कहा कि भाजपा सरकार हमेशा ही महिला हितों के प्रति संवेदनशील रही है। महिलाओं का सम्मान अगर कहीं है, तो वह केवल भाजपा की सरकार में है।
उन्होंने जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि विषम भौगोलिक परिस्थिति वाले इस इस प्रदेश में महिलाओं को आरक्षण का लाभ दिया जाएगा, जिस पर वह आज खरे उतरे हैं। भाजपा सरकार का यह कदम “सशक्त महिला – समर्थ समाज” की भावना को परिलक्षित करने वाला है।
वहीं, महिला आरक्षण दिए जाने के इस ऐतिहासिक निर्णय पर मुख्यमंत्री को धन्यवाद देने के लिए बड़ी संख्या में एकत्र महिला मोर्चा की सदस्यों ने एक दूसरे को बधाई दी तथा मिष्ठान खिलाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर पार्टी राज्यसभा सांसद नरेश बंशल, प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी, प्रवक्ता मधु भट्ट, विनोद उनियाल, डॉक्टर इंदुबाला, महिला मोर्चा सोशल मीडिया प्रभारी पूनम शर्मा, सविता गौड़, मंजु नेगी, सरिता जोशी, लक्ष्मी पंवार, शमीना सिद्दकी समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: बीएसएफ के 58 वें स्थापना दिवस पर सीमा चौकियों पर कार्यक्रम आयोजित
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News