मुजफ्फरनगर (एजेंसी/वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि किसानो के मसीहा चौधरी चरण सिंह के नाम पर राजनीति कर रही राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) पेशेवर अपराधियों के दम पर जनता का शोषण कर रही है वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) के शासनकाल में व्याप्त भ्रष्टाचार और कवाल के बवाल के कलंक को आज भी कोई भूला नहीं है।
खतौली विधानसभा उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी राजकुमारी सैनी के समर्थन में मंडी स्थल खतौली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये श्री योगी ने बुधवार को कहा कि खतौली में एक ओर मां गंगा का आर्शीवाद मिलता है तो दूसरी ओर मां यमुना जी का भी आर्शीवाद प्राप्त होता है।
गंगनहर के जरिये खतौली विधानसभा क्षेत्र मां गंगा का आर्शीवाद प्राप्त करता है। ये धरती धर्म की धरती है जो शांति का संदेश देती है लेकिन जब धर्म पर संकट आता है तो इस धरती ने क्रांति का संदेश भी दिया है उन्होने कहा कि आज भी यहां का अन्नदाता किसान अपनी मेहनत से अपने पुरूषार्थ से गन्ने की मिठास को जन जन तक पहुंचाने का कार्य करता है।
यही कारण है कि एशिया की सबसे बडी चीनी मिल इसी खतौली विधानसभा के माध्यम से दुनिया में अपनी मिठास फैलाती है। सीएम ने कहा “ यहां सपा और आरएलडी की मंशा ठीक नही है। इन दोनो दलों का दोहरा चरित्र जनता जानती है। विकास को लेकर भाजपा की नियत साफ है।
सपा के शासन की तानाशाही आपको याद ही होगी। हजारों हिंदुओं को जेल भेजा गया। चौधरी साहब के नाम पर यहां आरएलडी राजनीति कर रही है। चौधरी साहब कहते थे कि अपराधी राजनीति में नहीं आना चाहिए लेकिन आज पेशेवर अपराधियों के नाम पर राजनीति हो रही है ये सब क्या है। बाकी सपा का शासन तो आप सभी देख चुके है।
जब आप पर अत्याचार हो रहा था, उस वक्त सपा और आरएलडी के नेता कहां थे। उन्होने कहा कि भाजपा सरकार हर गरीब के लिए काम कर रही है। भाजपा के शासन में ही सब सुरक्षित है। खतौली तो क्रांतिकारियों की धरती है। बाकी आप लोग हिम्मत से काम लीजिए, जो बचा होगा कि हमारा बुलडोजर पूरा कर देगा।
जो बची हुई गर्मी है, वो उतार दी जाएगी। उत्तर प्रदेश में अपराधियों को पनपने नहीं देना है। विकास के बैरियर को हर हाल में हटाना है। व्यापारियों को सुरक्षा की गारंटी देनी है। श्री योगी ने कहा कि सपा के शासन में अन्नदाता अपने खेत नहीं जा पाते थे। पहले सत्ता प्रायोजित अपराध होते थे। कवाल का बवाल सपा का कलंक था, उस दौरान बहन बेटियां सुरक्षित नहीं थी।
अब ये सोचना है कि वही माहौल चाहिए या राजकुमारी सैनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आर्शीवाद से आज उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को नजीर बनाया है पहले कैराना और कांधला से पलायन होता था, व्यापारी से गुंडा वसूली करते थे। अन्नदाता किसान अपने खेतों में नहीं जा सकता था
बेटियां स्कूल नहीं जा सकती थी और बहने मार्किट में जाकर सामान नहीं खरीद सकती थी। आज पलायन बंद हो गया, भागे हुए व्यापारी वापस आये है। आज फिर से कैराना और कांधला में रौनक देखने को मिल रही है। गुंडा टैक्स आज बंद हो रहा है।
एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: एनआईए बंदरगाह विरोधी प्रदर्शनों की जानकारी करेगी एकत्र
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News