देहरादून (एजेंसी/वार्ता) उत्तराखंड राज्य में जिन अपराधियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत, पुलिस कार्यवाही की गई है, उन सभी की अवैध रूप से सृजित अवैध संपत्तियां जब्त की जाएंगी। राज्य अधीनस्थ कर्मचारी चयन आयोग के प्रश्नपत्र लीक प्रकरण में गिरफ्तार गैंगस्टर एक्ट के अभियुक्तों की भी सम्पत्ति जब्त की जाएगी। इसके अलावा, एनडीपीएस एक्ट के अन्तर्गत, वाणिज्यिक मात्रा वाले ड्रग्स माफियाओं की सम्पत्ति को भी जब्त किया जाएगा।
पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने शनिवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने एक दिसंबर से अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने एवं अपराध नियंत्रण हेतु दो माह का एक विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान में प्रदेश में गैंगस्टर एक्ट के अन्तर्गत दर्ज सभी अभियोगों के अभियुक्तों की अवैध रूप से अर्जित की गयी सम्पत्ति को कुर्क करने की कार्यवाही की जाएगी।
इसके साथ ही, अभियान में ईनामी एवं वांछित अपराधियों के विरूद्ध भी सख्त कार्यवाही की जाएगी। विभिन्न अभियोगों में वांछित चल रहे अभियुक्तों पर ईनाम घोषित कर जनपद स्तर पर विशेष टीमें बनाकर वांछित एवं ईनामी अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी। ईनामी एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु एसटीएफ को भी निर्देशित किया गया है।
श्री कुमार के बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार, प्रदेश को अपराध एवं अपराधी मुक्त बनाने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस कटिबद्ध है। अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में पुलिस अधीक्षक से लेकर थाना प्रभारी तक अच्छा कार्य करने वालों को पुरस्कार एवं कार्य में शिथिलता बरतने वालों व असफल रहने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: बीपीएड बेरोजगारों के प्रत्यावेदन पर चार महीने में निर्णय ले सरकार: हाईकोर्ट
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News