मोबाइल ग्राहकों के नंबर गेम में जियो ने अगस्त में एक बार फिर बढ़त बनाई है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक महीने के दौरान जियो के कुल मोबाइल सब्सक्राइबर करीब 24 लाख बढ़े, जो सभी टेलीकॉम कंपनियों में सबसे ज्यादा हैं। एयरटेल के ग्राहकों में करीब 21.1 लाख, वोडाफोन आइडिया में 5.06 लाख और बीएसएनएल में करीब 4.93 लाख की बढ़ोतरी हुई। अगस्त के अंत में जियो का कुल मोबाइल बेस बढ़कर करीब 50.84 करोड़ हो गया।
लेकिन आम मोबाइल ग्राहकों की तस्वीर इससे भी ज्यादा दिलचस्प है। कुल मोबाइल आंकड़ों में मशीनों और दूसरे उपकरणों में इस्तेमाल होने वाले M2M सिम भी शामिल होते हैं। इन्हें अलग करने पर अगस्त में जियो के सामान्य मोबाइल ग्राहक करीब 18.6 लाख बढ़े, जबकि एयरटेल में यह बढ़ोतरी करीब 5 लाख रही। यानी इस श्रेणी में जियो ने एयरटेल के मुकाबले करीब 3.7 गुना ज्यादा ग्राहक जोड़े। अगस्त के अंत में M2M को छोड़कर जियो का मोबाइल ग्राहक आधार करीब 48.13 करोड़ और बाजार हिस्सेदारी लगभग 41.7% रही।
सिर्फ कुल ग्राहक संख्या ही नहीं, इस्तेमाल हो रहे यानी एक्टिव मोबाइल ग्राहकों के मामले में भी जियो ने बढ़त दर्ज की। ट्राई आंकड़ों पर आधारित विश्लेषण के मुताबिक अगस्त में M2M को हटाने के बाद जियो के एक्टिव ग्राहकों में करीब 17 लाख की बढ़ोतरी हुई। प्रमुख निजी ऑपरेटरों में इस दौरान एक्टिव ग्राहकों में सकारात्मक बढ़ोतरी दर्ज करने वाला जियो अकेला ऑपरेटर रहा।
Business Sandesh Indian Newspaper | Articles | Opinion Pieces | Research Studies | Findings & News | Sandesh News